
बेनीपुर। स्थानीय व्यवहार न्यायालय में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 136 मामलों का निष्पादन हुआ जिसमें लगभग 50 लाख रुपए का समझौता हुआ।
अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम अमित आनंद ने कहा कि बेंच संख्या एक पर 10 आपराधिक मुकदमा, एक मापतौल, 15 एसबीआई एवं 18 पंजाब नेशनल बैंक के मामले का निष्पादन हुआ। जिसमें लगभग 28 लाख रुपये का समझौता हुआ। इस बेंच पर न्यायिक पदाधिकारी के रूप में स्वयं एसीजेएम श्री आनंद थे तथा मध्यस्थ अधिवक्ता राजनाथ यादव थे।
दूसरे बेंच पर 14 आपराधिक वाद, एक विद्युत विभाग के मामले, एक बैंक आफ इंडिया के तथा 58 ग्रामीण बैंक के ऋण संबंधी मामलों को निपटाया गया। जिसमें लगभग 20 लाख रुपए का समझौता हुआ। इस बेंच पर न्यायिक पदाधिकारी एसीजेएम द्वितीय प्रणव कुमार भारती एवं मध्यस्थ अधिवक्ता मो. हैदर अली थे।
वहीं तीसरे बेंच पर 6 आपराधिक वाद, 5 सेंट्रल बैंक एवं 7 दूरसंचार के टेलीफोन बिल बकाया संबंधी मामले का निपटारा हुआ। जिसमें लगभग 3 लाख रुपए का समझौता हुआ। इस बेंच पर न्यायिक पदाधिकारी एसडीजेएम प्रमोद रंजन एवं मध्यस्थ अधिवक्ता गजनफर अली खान थे। अदालत में सभी बैंकों एवं सरकारी विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।




