
बेनीपुर। सरकार की ओर से निर्धारित समय का बीस दिन बीत जाने के बावजूद किसानों से धान की खरीदारी शून्य है।फलत किसान गेहूं बुआई को लेकर ओने पौने दाम में स्थानीय बिचौलियों के हाथ धान बेचने को विवश हैं।
जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर से सरकार की ओर से किसान से धान की खरीदारी शुरू किए जाने की घोषणा की गई थी। उक्त आलोक में अधिकांश पैक्स को कैश क्रेडिट भी कर दी गई लेकिन आज तक किसी पैक्स अध्यक्ष ने एक छटाक भी धान खरीदना मुनासिब नहीं समझा है।
दूसरी ओर, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मिथिलेश कुमार की ओर से शनिवार को पैक्स अध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित कर अविलंब धान की खरीदारी प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
लेकिन, सभी अध्यक्षों ने एक साथ अपने हाथ खड़े कर दिए। और धान खरीदारी में हो रही समस्या के संबंध में ध्यान आकृष्ट कराया। पैक्स अध्यक्षों का कहना था बिहार राज्य खाद्य निगम की ओर से उसना चावल की मांग की जा रही है।
जबकि, अभी तक स्थानीय मिलर से अनुबंध भी नहीं किया गया है। दो मिलर के साथ अनुबंध किया गया है। इसमें एक जिला मुख्यालय दरभंगा अवस्थित है तो दूसरा कुशेश्वरस्थान प्रखंड मुख्यालय अवस्थित।
जहां बेनीपुर से धान भेजने में 3 गुनी से अधिक किराया भाड़ा लगेगा जो पैक्स वहन करने में सक्षम नहीं है। इस संबंध में पूछने पर प्रभारी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा और किसानों से धान की खरीदारी प्रारंभ कर दी जाएगी।






