
दरभंगा, देशज टाइम्स। दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डीएमसीएच अधीक्षक डॉ. हरिशंकर मिश्रा एवं जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) डॉ. ऋचा गार्गी ने संयुक्त रूप से जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आगंतुक अतिथियों का कावेरी जीविका महिला संकुल संघ की दीदीयों की ओर से पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। मौके पर अधीक्षक ने बताया कि जीविका की यह एक अच्छी पहल है, इसके माध्यम से गरीब परिवारों को आवश्यक जानकारी एवं उन्हें बिचौलियों से दूर रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि डीएमसीएच में बिचौलिए बहुत सक्रिय हैं, जानकारी के अभाव वाले रोगियों को जांच व प्राइवेट डॉक्टर, अस्पताल आदि के नाम पर बरगलाकर उनका फ़ायदा उठाते हैं। उन्होंने कहा कि अब जीविका के स्वास्थ्य सहायता केंद्र की मदद से इन बिचौलियों के गोरखधंधे बंद हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, डीएमसीएच में इलाज करवाने के लिए दरभंगा से ही नहीं आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में लोग आते हैं, सहायता केन्द्र के खुलने से दूर दराज से इलाज के लिए आने वाले लोग व जानकारी के अभाव में भटकने वाले मरीजों को सहायता मिलने से उनकी परेशानी कम होगी।
जीविका की ओर से हेल्प डेस्क काउंटर पर दो शिफ्ट में सुबह 6.00 बजे से 2.00 बजे तक एवं 2.00 बजे से रात 10.00 बजे तक जीविका स्वास्थ्य मित्र मौजूद रहेगी, जो इलाज कराने में मदद करेगी।
वहीं जिला परियोजना प्रबंधक ऋचा गार्गी ने हेल्प डेस्क के लिए मोबाइल-7488789437 जारी करते हुए बताया कि जीविका स्वास्थ्य मित्र अस्पताल में मरीजों का रजिस्ट्रेशन कराने, डॉक्टरों से जांच करवाने, पैथोलॉजी जाँच, भर्ती करवाने, पुनः लाभार्थियों के आने में सहयोग करेगी, जिससे मरीजों को होनेवाली परेशानी कम हो सके।
जीविका के प्रबंधक, स्वास्थ्य एवं पोषण संतोष कुमार ने बताया कि हेल्प डेस्क के लिए जीविका स्वास्थ्य मित्र का चयन जीविका समूह से जुड़ी दीदियों एवं उनके परिवार के सदस्यों के बीच से चयन प्रक्रिया के तहत किया गया है। बहुत जल्द ही इनका एम्स, पटना में 2 दिन का प्रशिक्षण कराया जाएगा, जिसमें उन्हें अलग अलग विभागों से संबंधित बुनियादी जानकारी दी जायेगी।
संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि जीवका के इस काउंटर पर कोई भी मरीज या उनके स्वजन डी.एम.सी.एच के किसी भी विभाग और वार्ड की जानकारी ले सकते हैं। स्वास्थ मित्र उपचार की आसन रहें बतायेंगी, कौन से मरीज को कौन से विभाग या वार्ड में इलाज के लिए जाना है, ये भी बतायेंगी साथ ही मरीजों को किस रोग के लिए किन चिकित्सकों से किन स्थान पर मिलना है।
अगर कोई मरीज या स्वजन पैथोलॉजिकल एवं रेडियोलॉजिकल जाँच घर और दवाओं के लिए भटक रहा है, तो जीविका दीदी ओपीडी के मरीजों की खोजबीन कर ऑन द स्पॉट भी सहायता करेंगी। अब ओपीडी के किसी भी मरीजों को किसी उपचार के लिए भटकने नहीं दिया जायेगा।
मौके पर PCI क्षेत्रीय कार्यक्रम अधिकार मधुकर दास ,प्रखंड परियोजना प्रबंधक सदर मो सिकंदरे आजम, युवा पेशवर स्वास्थ्य एवं पोषण सुश्री लवली कुमारी, क्षेत्रीय समन्वयक सुजाता आनंद, श्रीदेव सिंह कमल, सामुदियक समन्वयक ज्योति कुमारी, सोनी कुमारी,अंकिता कुमारी, मास्टर रिसोर्स पर्सन स्वास्थ्य एवं पोषण बबिता कुमारी,जीविका स्वास्थ्य मित्र – कुमारी मित्तल, मनिला कुमारी, कावेरी जीविका संकुल संघ की अध्यक्ष सोनी देवी ,कोषाध्यक्ष आशा देवी इत्यदि उपस्थित थीं।





You must be logged in to post a comment.