
दरभंगा, देशज टाइम्स अपराध ब्यूरो। दरभंगा में दिन-दहाड़ रविवार को नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुभंकरपुर स्थित बद्रीनाथ मंदिर के पास एक महिला की हत्या कर दी गई। पड़ोसी युवक महिला की बेरहमी से हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि पपीते के पेड़ लगाने के विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि मामूली विवाद और गाली-गलौज के बाद महिला मनोज महतो की पत्नी विभा देवी की विनोद महतो का पुत्र रवि कुमार ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, रवि कुमार ने विभा देवी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। दरअसल, विभा देवी ने शनिवार को एक पपीते का पौधा लगाया था। उसकी सुरक्षा के लिए उसने कुछ ईंटों का घेरा भी बना दिया था। उसे देखकर रवि की मां विनोद महतो की पत्नी किरण देवी और विभा देवी के बीच बहस हुई थी।
रविवार को रवि ने आक्रोशित होकर विभा के साथ मारपीट की। उसके बाद उसपर चाकू से वार कर दिया। इससे मौके पर ही विभा की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस रवि के परिजनों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। इस संबंध में मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मनोज महतो की पत्नी विभा देवी का अपने पड़ोसी विनोद महतो की पत्नी किरण देवी से विवाद हो गया।
दोनों के बीच काफी बहस हो रही थी. दोनों के बीच हो रहे गाली गलौज को सुनकर विनोद महतो का पुत्र रवि कुमार बाहर निकला और मनोज महतो की पत्नी विभा देवी को चाकू मारने लगा। विभा देवी के पेट, पीठ, कंधे आदि कई जगहों पर चाकू से वार कर दिया।




