
बेनीपुर, देशज टाइम्स ब्यूरो। अनुमंडल क्षेत्र में जाम की समस्या के स्थाई समाधान को लेकर अनुमंडल प्रशासन पूर्ण तत्पर दिख रही है। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी शंभु नाथ झा एवं अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी डॉ. कुमार सुमित की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान जाम की समस्या का स्थाई समाधान खोजने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जाम की समस्या को लेकर सर्वप्रथम टेंपो चालकों की ओर से बेतरतीब ढंग से सड़क किनारे टेंपू खड़ा करना प्रथम समस्या के रूप में चिन्हित की गई।
इसके लिए इंचार्ज कुंदन सिंह को तलब किया गया लेकिन वे उपस्थित नहीं हो सके। तत्पश्चात अस्थाई अतिक्रमण को लेकर विस्तृत विचार-वमर्श किया गया। इसके लिए अंचल अधिकारी भुवनेश्वर झा एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजेश झा को संयुक्त दायित्व सौपते हुए थाना प्रभारी के साथ तालमेल बैठाकर अविलंब अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बेनीपुर भरत चौक से लेकर अंबेडकर भवन, आशापुर टावर चौक, मझौरा चौक, धरौड़ा चौक, बहेड़ा बाजार में अतिक्रमणकारियों के कारण दिनानुदिन सड़क का दायरा सिकुड़ता जा रहा है। आम नागरिकों को आवागमन में काफी असुविधा उठानी पड़ती है। इसके कोपभाजन का शिकार पदाधिकारी एवं राजनेताओं को भी होना पड़ता है । खासकर स्कूली बच्चे एवं एंबुलेंस सेवा प्रभावित होती है।
दूसरी ओर, पड़ाव इंचार्ज की ओर से टेंपो को स्टेंण्ड में न लगवा कर यत्र-तत्र उससे राशि वसूली जाती है। इसमें मझौरा चौक, नंदा पट्टी चौक, भरत चौक एवं बेनीपुर बस स्टैंड इंचार्ज के निजी व्यक्तियों की ओर से डंडा के बल पर अवैध राशि वसूली जाती है।
इसको लेकर सड़क पर जाम फसना आम बात बनी हुई है। उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में बैठक बुलाकर अपने मातहत पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया। अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कठोर संदेश दिया।
इस अवसर पर अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी डॉ. कुमार सुमित, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजेश झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमोल मिश्र, अंचलाधिकारी भुवनेश्वर झा, थानाध्यक्ष राज कपूर कुशवाहा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

