Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुजफ्फरपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर मैठि टोल प्लाजा के पास टोल कर्मियों ने एक स्वास्थ्यकर्मी के परिवार पर बेरहमी से हमला कर दिया। एक स्वास्थ्य कर्मी अपने परिवार और बेटे के साथ गायघाट थाना क्षेत्र के जारंग से मुजफ्फरपुर शहर की तरफ आ रहे थे। टोल प्लाजा कर्मियों ने उनकी गाड़ी को जबरन रोक लिया और टोल टैक्स मांगा। जब स्वास्थ्य कर्मी ने बिना टोल पार किए टैक्स देने से इनकार किया, तो टोलकर्मी आपे से बाहर हो गए और गंदी-गंदी गालियां देने लगे।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
गाड़ी से खींचकर बेटे को पीटा, महिलाओं से बदसलूकी
जब टोल कर्मी स्वास्थ्य कर्मी को अपमानित कर रहे थे, तब उनकी पत्नी और बेटा गाड़ी के अंदर ही बैठे थे। स्वास्थ्य कर्मी के पुत्र ने इस अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज का विरोध किया, तो दबंग टोल कर्मियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। उन्होंने गाड़ी का दरवाजा खोलकर स्वास्थ्य कर्मी के पुत्र को जबरन बाहर खींच लिया और उसकी बेरहमी से जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित स्वास्थ्य कर्मी ने बताया कि टोल कर्मियों ने गाड़ी में बैठी महिलाओं को भी जबरदस्ती नीचे उतारने का प्रयास किया। यही नहीं, मारपीट के दौरान दबंगों ने उनके पुत्र के गले से सोने की चेन भी छीन ली और मौके से फरार हो गए।
Muzaffarpur Crime News: हाईवे पुलिस ने झाड़ा पल्ला, कार्यशैली पर सवाल
इस खौफनाक घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद हाईवे पुलिस मौके पर पहुँची जरूर, लेकिन उन्होंने पीड़ितों की मदद करने के बजाय अपना पल्ला झाड़ लिया। पीड़ित स्वास्थ्य कर्मी ने पुलिस के सामने अपने और अपने परिवार के साथ हुई इस बर्बरता का पूरा दर्द बयां किया, लेकिन हाईवे पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई भी एक्शन नहीं लिया। इसके विपरीत, पुलिसकर्मियों ने पीड़ित को थाने जाकर मामला दर्ज कराने का फरमान सुना दिया और चलते बने। हाईवे पुलिस के इस उदासीन रवैए के बाद अब उनकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सवाल है कि यदि राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर किसी नागरिक के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, और मौके पर पहुँची हाईवे पुलिस कार्रवाई करने के बदले पीड़ित को ही थाने जाने की नसीहत देती है, तो फिर सड़कों पर गश्त करने वाली इस पुलिस का औचित्य क्या है?
स्थानीय थाना प्रभारी ने कहा, पीड़ित परिवार ने मांगी न्याय की गुहार
जब इस पूरे संगीन मामले को लेकर गायघाट थाना प्रभारी से बात की गई, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर कार्रवाई करेंगे।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
फिलहाल पीड़ित परिवार डरा-सहमा है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।







