
Samastipur Darbhanga Doubling: बिहार के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। समस्तीपुर और दरभंगा के बीच रेल लाइन दोहरीकरण का काम आखिरकार पूरा हो गया है, जिसके बाद अब इस रूट पर जल्द ही ट्रेनें दौड़ती नजर आएंगी। सांसद शांभवी चौधरी ने डीआरएम के साथ समीक्षा बैठक के बाद कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं, जिनमें समस्तीपुर से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग भी शामिल है।
समस्तीपुर-दरभंगा रेल दोहरीकरण: एक बड़ी उपलब्धि
समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी (लोजपा रामविलास) ने हाल ही में समस्तीपुर रेलवे मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में समस्तीपुर की रेल विकास योजनाएं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद शांभवी चौधरी ने बताया कि साल 2016 से चल रहा समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण का कार्य अब पूरा हो चुका है। इससे इस व्यस्त रूट पर ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी और यात्रा का समय भी कम होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द इस दोहरी लाइन पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन और अन्य अहम मांगें
सांसद ने जानकारी दी कि उन्होंने डीआरएम के साथ समस्तीपुर से दिल्ली के लिए सीधी सुपरफास्ट ट्रेन चलाने को लेकर भी चर्चा की है। उन्होंने कहा कि इस मांग पर लगातार काम किया जा रहा है और फिलहाल साप्ताहिक या 15 दिनों पर ट्रेन चलाने के विकल्प पर विचार हो रहा है। इस मांग को वे जल्द ही रेलमंत्री के समक्ष उठाएंगी। इसके अलावा, समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड के दोहरीकरण पर भी चर्चा हुई। वर्तमान में सिंगल लाइन होने के कारण कई ट्रेनें शेडो में चली जाती हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है। दोहरीकरण से इस समस्या का समाधान होगा। उन्होंने रोसड़ा से पटना के लिए बेहतर कनेक्टिविटी हेतु सहरसा से इंटरसिटी जैसी ट्रेनें चलाने पर भी सकारात्मक चर्चा की।
देशहित में पीएम मोदी की अपील का समर्थन
पत्रकारों ने जब सांसद शांभवी चौधरी से प्रधानमंत्री के देशहित में दिए गए आह्वान के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि देश के हित में प्रधानमंत्री की अपील का सभी को पालन करना चाहिए। उन्होंने मौजूदा वैश्विक स्थितियों, खासकर ईरान-इजरायल युद्ध का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में देश के संसाधनों को बचाना हम सभी भारतीयों की जिम्मेदारी है, ताकि हमारा देश किसी संकट से न जूझें। उन्होंने एक साल तक सोना नहीं खरीदने के सवाल पर कहा कि यह आह्वान कुछ समय के लिए है। संकट से बचने के लिए सभी को सावधानी बरतनी चाहिए। सोना की खरीददारी कम करने से हमारी विदेशी मुद्रा की बचत होगी।
उन्होंने देशभक्ति की परिभाषा बताते हुए कहा कि सिर्फ सीमा पर सैनिकों का लड़ना ही देशभक्ति नहीं है, बल्कि देश के लिए जमीन पर पड़ा कचरा उठाना भी देशभक्ति है। देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत रखने के लिए यह आह्वान किया गया है। उन्होंने कोविड महामारी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे उस समय पूरा देश एकजुट हुआ था, वैसे ही इस समय भी एकजुटता दिखानी चाहिए। विपक्ष के सवालों पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बेवजह के खर्चों को कम करने को कहा है, जिस पर अमल किया जाएगा। विपक्ष का काम कटाक्ष करना है, हम देश के लिए अपना काम करेंगे। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें







