
मंगलवार को जैसे ही बिहार विधानसभा का सत्र शुरू हुआ पहले दिन से ही गहमागहमी और मांगों को लेकर घेराव और प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। शिक्षक अभ्यर्थी अलग मूड में हैं तो इधर आज सुबह-सुबह सैकड़ों की संख्या में स्थाई नौकरी और वेतनमान को लेकर ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों ने राबड़ी आवास को घेर लिया।
राबड़ी आवास के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस सर्द भरी ठंड में प्रदर्शनकारियों के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद हैं। बीते दिनों भी पुलिस मित्रों ने राबड़ी आवास का घेराव किया था। हालांकि तेजस्वी यादव के आश्वासन के बाद सब लौट गए थे। लेकिन इस बार दोबारा यह प्रदर्शन शुरू हो गया है।
पुलिस मित्र सह ग्राम रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर पासवान ने बताया कि वेतनमान और स्थायीकरण को लेकर आज राबड़ी आवास का घेराव किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करेंगे, तब तक हमलोग उन्हें सदन में नहीं जाने देंगे। आपको बता दें कि आज से शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है। यह सत्र पांच दिनों तक चलेगा। 19 दिसंबर को विधानमंडल सत्र का समापन हो जाएगा।






