

बाहुबली अनंत सिंह को बेऊर जेल से दूसरी जेल में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। बेऊर जेल में कैदियों के बवाल के बाद पटना का बेऊर प्रशासन के हाईअलर्ट पर है।
जेल में इन दिनों बवाल की गर्मी बची हुई है। बाहुबली अनंत सिंह के समर्थकों के बीच जमकर मार-पीट के बाद हरकत में आया जेल प्रशासन अब अनंत सिंह को भी दूसरे जेल में शिफ्ट करने की तैयारी में है।
पिछले दिनों बेऊर जेल में अनंत सिंह जिस वार्ड में कैद हैं, उस वार्ड का ताला खुला रह गया था। इसके बाद झड़प हुई थी। अनंत सिंह ने अपनी हत्या की आशंका जताई थी। पूर्व विधायक की सुरक्षा भी बढ़ा दी गयी है। वहीं अनंत सिंह सहित 32 पर आइपीसी की नौ धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
बेउर जेल में हुई इस झड़प के बाद डीएम ने पटना सदर एसडीएम और फुलवारीशरीफ की एएसपी को जांच का जिम्मा सौंपा था। दोनों ने संयुक्त आंतरिक जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है।
इसमें बेउर जेल में विधि-व्यवस्था को देखते हुए कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था करने और अनंत सिंह को किसी दूसरी जेल में शिफ्ट करने की अनुशंसा की गई है। अनंत सिंह को किस जेल में शिफ्ट किया जाएगा, अभी यह तय नहीं हो पाया है।
एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि इस झड़पर पुलिस ने अनंत सिंह सहित 32 कैदियों पर नौ धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपितों पर आईपीसी की धारा 147, 149, 323, 341, 353, 337, 225, 427 और 504 लगाई गई है।





