
नरकटियागंज से बीजेपी की विधायक रश्मि वर्मा को अपराधियों ने जान से मारने की धमकी दी है। अपराधियों ने विधायक को तीन बार फोन करके धमकी दी है। अपराधियों ने कहा कि वह उन्हें स्कैन कर रहे हैं। अब पिस्टल नहीं AK-47 चलेगी। लालबत्ती में चलना भूल जाओगी।
विधायक को धमकी देने वाला एक ऑडियो वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में अपराधी कह रहा है-तुम विधायक हो ना बहुत बड़ी पोस्ट है तुम्हारी। ठीक से रहो नहीं तो लालबत्ती की गाड़ी में चलना भूल जाओगी। मेरी बातों को आलतू फालतू मत समझना। मेरा नाम एसपी दीपक रंजन से पूछ लेना। एक बात याद रखना अब पिस्टल नहीं चलेगा सीधा AK-47 और कार्बाइन चलेगी। अगर दम है तो रोक लेना और प्रशासन का जितना जोड़ लगाना है लगवा लेना।
वैसे, पिछले साल भी रश्मि वर्मा ने अपनी जान को खतरा बताकर केस दर्ज कराया था। उन्होंने नरकटियागंज के शिकारपुर थाने में मोतिहारी के अगरवा मोहल्ला निवासी संजय सारंगपुरी पर आरोप लगाया था कि वह उनकी हत्या कर सकते हैं।
संजय सारंगपुरी विधायक के कार्यालय में ही काम करते थे। उन्होंने कहा था कि संजय के पास पिस्तौल है और हाल के दिनों में वह उनके घर के पास संदेहास्पद स्थिति में देखे गये हैं। विधायक ने आरोप लगाया था कि छवि बिगड़ने के उद्देश्य उसने जाली हस्ताक्षर कर पद और नाम का दुरूपयोग किया है।
फिलहाल इसबार धमकी मिलने के बाद विधायक रश्मि वर्मा ने फिर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 11 फरवरी को कपड़ा व्यवसायी विजय चंद्र गोयल के बेटे किशन कुमार को गोली मारने के बाद कई व्यापारियों को धमकी वाले फोन कॉल आ चुके हैं।
दरअसल बीजेपी विधायक कपड़ा व्यवसायी विजयचंद्र गोयल के बेटे किशन कुमार को गोली मारे जाने के बाद उन्हें देखने अस्पताल गई थी, जिसकी शिकायत बीजेपी विधायक ने एसपी डीआईजी से की थी। माना जा रहा है कि इस बात से ही नाराज अपराधी ने विधायक को फोन कर जान से मारने की धमकी दी है।






