
नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा सहायक थाना क्षेत्र के सधुवा बाजार में बुधवार की देर रात्री एक चाय दुकानदार सधुआ गांव के शिवनंदन साह के पुत्र कृष्ण देव कुमार साह उर्फ कृष्णा (32) के सिर पर धारदार हथियार से वार कर अपराधियों ने हत्या कर दी।
घटना के विरोध में सधुवा बाजार की सभी दुकानें स्वतः बंद रही। व्यवसायियों में उक्त घटना के बाद खौफ है। घटना के कारणों के बारे में अभी कोई स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम मायागंज अस्पताल में करवा पर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
पिता शिवनंदन साह ने बताया कि उसका पुत्र सधुआ बाजार में ठेला लगा कर चाय एवं नाश्ते की दुकान चलाता था। हर दिन की तरह वह रात्रि 9:00 बजे के बाद अपना दुकान बंद कर ठेला लेकर घर आया था। मैं अपने घर में खाना खा रहा था. इसी दौरान घर के बाहर किसी चीज के गिरने की आवाज आई तो मैं बाहर निकल कर देखा कि घर के गेट के आगे ठेले के पास मेरा बेटा खून से लथपथ लहूलुहान होकर गिरा हुआ है।
सिर के ऊपर किसी धारदार हथियार से अपराधियों द्वारा हमला किया गया है. सिर से काफी खून बह रहा था। घटना के बाद हल्ला होने पर आसपास के पड़ोसियों के द्वारा उसे उठाकर स्थानीय रंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मायागंज रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के कारणों के बारे में परिजनों ने कुछ भी बताने से इनकर किया है। मृतक की मां निरोधा देवी ने बताया कि बेटा बिल्कुल सीधा साधा था। उसका किसी से भी लड़ाई झगड़ा नहीं था। पता नहीं किन कारणों से मेरे बेटी की हत्या की गई है। देर रात घटना होने के कारण गांव के अधिक लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई थी। सुबह होते ही इस घटना की जानकारी आसपास के गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई। सधुआ गांव में भय का माहौल व्याप्त है।





