Jharkhand Health News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने क्रिकेट जगत में अपनी पहचान बना चुके युवा वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने वैभव को झारखंड स्वास्थ्य विभाग का नया ब्रांड एंबेसडर बनाने का ऐलान किया है। इस फैसले से राज्य के युवाओं में उत्साह का माहौल है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
झारखंड स्वास्थ्य विभाग का बड़ा फैसला: युवाओं को प्रेरणा देंगे वैभव
डॉ. अंसारी ने कहा कि अपनी शानदार प्रतिभा और विस्फोटक बल्लेबाज़ी से पूरे देश का ध्यान आकर्षित करने वाले वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने इस युवा खिलाड़ी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भले ही उनकी टीम मैच जीतने में सफल नहीं हो पाई हो, लेकिन उन्होंने करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। उन्होंने स्वयं को क्रिकेट खिलाड़ी बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज़ों का जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज में सामना वैभव ने किया है, वह उनकी असाधारण प्रतिभा को दर्शाता है।
डॉ. अंसारी ने आगे कहा, “वैभव ने सिर्फ अपना नाम ही नहीं, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। इसके लिए उन्हें दिल से बधाई देता हूं। जल्द ही उन्हें झारखंड बुलाकर सम्मानित किया जाएगा।”
15 साल की उम्र में असाधारण प्रतिभा का परिचय
डॉ. अंसारी ने जोर देते हुए कहा कि मात्र 15 वर्ष की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस साहस, आत्मविश्वास और प्रतिभा का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नई मिसाल कायम कर रहा है। उन्होंने बताया कि वैभव केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं। उनकी उपलब्धियां देशभर के युवाओं को प्रेरित कर रही हैं। डॉ. अंसारी ने बताया कि वैभव की सकारात्मक सोच और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रभावित किया है।
स्वास्थ्य जागरूकता अभियान में मिलेगी मदद
स्वास्थ्य विभाग वैभव के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस, अनुशासित जीवनशैली और सकारात्मक सोच का संदेश पहुंचाने का अभियान चलाएगा। मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और विश्व मंच पर देश का नाम और गौरवान्वित करेंगे।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
स्वास्थ्य मंत्री की इस घोषणा के बाद खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह का माहौल है।







