Sitamarhi Crime News: सीतामढ़ी जिले में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. कन्हौली थाना क्षेत्र में NH-22 पर दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश लुटेरों ने व्यवसायी के पुत्र और उनकी मां से लाखों रुपये और कीमती मोबाइल लूट लिया. इस घटना से पुलिस की गश्ती और सुरक्षा के दावों पर सवाल उठ खड़े हुए हैं.
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
Sitamarhi Crime News: NH-22 पर माँ-बेटे से लाखों की लूट, इलाके में हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम यह घटना सीतामढ़ी जिले के कन्हौली थाना क्षेत्र में NH-22 पर अररिया और परछहिया गांव के बीच स्थित मुलही पोखर के समीप हुई. सोनबरसा गांव निवासी एवं ‘ओम साई इंटरप्राइजेज’ के प्रोपराइटर मनोज महतो के पुत्र सोनू कुमार सिंह अपनी मां सिकिंदर देवी के साथ टीवीएस अपाचे बाइक से सीतामढ़ी के रमनगरा स्थित एक अस्पताल गए थे. वहां अपनी बीमार बहन का हालचाल लेने और इलाज की व्यवस्था करने के बाद दोनों मां-बेटे वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में घात लगाए अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया.
वारदात का तरीका: पिस्टल सटाकर कीमती सामान लूटा, दी जान से मारने की धमकी
सोनू कुमार ने बताया कि जैसे ही उनकी बाइक मुलही पोखर के समीप पहुंची, एक ही बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर जबरन रोक लिया. बाइक रुकते ही अपराधियों ने सोनू और उनकी मां के सिर पर पिस्टल तान दी. विरोध करने पर अपराधियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए सोनू के पास मौजूद 2,70,000 नकद और 42,000 का कीमती मोबाइल फोन जबरन छीन लिया. इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके के व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए आराम से फरार हो गए.
विधायक ने SP से की बात, अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक गायत्री देवी और पूर्व विधायक रामनरेश यादव तुरंत पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. कानून व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए विधायक गायत्री देवी ने मौके से ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) से दूरभाष पर सीधे बात की और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी का निर्देश दिया. कन्हौली थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है. NH पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम छापेमारी कर रही है.
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।







