
मुख्य बातें
भूमि विवाद में कलयुगी भतीजे की दरिंदगी,आरोपी मां-बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रहिका थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव के बरैया टोल की घटना
फोटो: मौत पर विलाप करते परिजन व जुटी ग्रामीणों की भीड़
मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। जिले के रहिका थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव के बरैया टोल में एक भतीजे की दरिंदगी सामने आयी है।जमीनी विवाद में भतीजे ने चाचा को चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 53 वर्षीय गुलाब मुखिया के रूप में की गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार गुलाब बरैया टोल होते हुए अपने घर की ओर जा रहा था। तभी आरोपी ने गुलाब को अकेला पाकर चाकू से पीछे से वार कर घायल कर दिया। उसके बाद गुलाब जख्मी होकर जमीन पर गिर गया तो उसको सामने छाती पर चाकू से कई बार वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। उसके बाद गांव की एक बच्ची ने ये सब देखा तो जोर – जोर से चिल्लाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर जब तक गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचते तब तक तो आरोपी ने मृतक को चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
आनन-फानन में परिजन मृतक को घायल अवस्था में ही उठाकर मधुबनी सदर अस्पताल ले जाने लगे उसी क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई जिसके बाद मधुबनी सदर अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर ने उस व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन शव को लेकर अपने घर की ओर आ गए, वहीं इसकी जानकारी रहिका थाना को दी गई सूचना मिलते ही रहिका थाना पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने आरोपी को घेरकर रखा था।पुलिस ने आरोपी मां और बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। गुलाब के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में मृतक के परिजनों की ओर से आरोपी बजरंग मुखिया और उसकी मां के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। लेकिन उक्त जमीनी विवाद को लेकर मां-बेटे ने 53 वर्षीय वृद्ध गुलाब मुखिया को पकड़ कर बेरहमी से चाकू घोंपकर उसे मार दिया।




