Weather News: देश के उत्तरी, पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अचानक बदले मौसम को देखते हुए आज 15 राज्यों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और असम शामिल हैं।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाली तूफानी हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली गिरने, ओले पड़ने और मूसलाधार बारिश का खतरा है। इससे पेड़ उखड़ने, बिजली आपूर्ति ठप होने, छतें उड़ने, सड़क यातायात बाधित होने और खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण यह बदलाव आया है। पिछले 4-5 दिनों में कई राज्यों में तापमान 42-46 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था। अब इस बारिश से गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन जलभराव, बाढ़ और फसल नुकसान का नया खतरा पैदा हो गया है।
कैसा रहेगा दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और रोहतक में आज दोपहर बाद से रात तक बारिश और तेज आंधी का सिलसिला जारी रह सकता है। हवा की गति 50-60 किमी/घंटा तक पहुंचने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लगभग सभी मंडलों में भारी बारिश-तूफान का ऑरेंज अलर्ट है। बताया गया है कि सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, कानपुर नगर-देहात, लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, झांसी, बहराइच, ललितपुर, प्रयागराज, वाराणसी में बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 किमी/घंटा तक हो सकती है।
Weather News: बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, आज बिहार के 30 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। IMD ने पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, गया, समस्तीपुर, छपरा, बेगूसराय समेत 30 से ज्यादा जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो हवा 60-70 किमी/घंटा हो सकती है।
अन्य राज्यों में भी अलर्ट: जानें कहां-कहां बढ़ेगा ‘हड़कंप’
मौसम विभाग के अनुसार, रांची, धनबाद, हजारीबाग, गुमला, पलामू, पूर्वी सिंहभूम में बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी। रांची का तापमान 23 से 32 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं, उत्तराखंड में ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।
- पश्चिम बंगाल: कोलकाता, मालदा, जलपाईगुड़ी, मुर्शिदाबाद और सिलीगुड़ी में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 किमी/घंटा तक रह सकता है।
- पंजाब: अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, गुरदासपुर, जालंधर में भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा।
- राजस्थान: जयपुर, अलवर, बीकानेर, सीकर, जोधपुर में बारिश होने की संभावना है।
- मध्य प्रदेश: भोपाल, रीवा, मुरैना, छिंदवाड़ा, इंदौर, ग्वालियर में 50-60 किमी/घंटा हवा चलने की संभावना है।
- असम: कोकराझार, बारपेटा, धुबरी, गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 70-80 किमी/घंटा हो सकती है।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।







