आज का मौसम समाचार: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए देश के विभिन्न राज्यों में बड़े मौसमी उलटफेर की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, कई हिस्सों में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है, जिसके लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
दिल्ली-NCR, UP में रौद्र रूप दिखाएगा मौसम
IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली एनसीआर और हरियाणा में 28 मई को लू का हल्का असर दिखेगा, लेकिन 29 मई को यहां मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। 29 मई को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 80 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान की प्रबल संभावना है। इस दौरान भारी बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है, जो 30 मई तक बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में 28 मई को धूल भरी आंधी और लू की आशंका है। लेकिन 29 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 80-100 किमी/घंटे और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60-80 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान का अनुमान है। 28 और 29 मई को यूपी में ओले गिरने और 29 मई को पश्चिमी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
बिहार-झारखंड और बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। 28 और 29 मई को बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है। साथ ही दोनों दिन 60 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की आशंका है, जिससे पेड़ों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है। झारखंड में 28 मई से 1 जून तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। 28 से 30 मई के दौरान 50 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
पश्चिम बंगाल में 28 मई को 60 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से भयंकर तूफान और भारी बारिश का अलर्ट है। 29 मई को भी 50-70 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। सिक्किम और हिमालय से सटे बंगाल में 28-29 मई को अलग-अलग जगहों पर बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ों और मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मिजाज
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तराखंड में 29 मई को भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा 28 और 29 मई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 50-70 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफान आने की संभावना है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट जारी किया गया है। 28 मई को पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण लू की स्थिति रहेगी, लेकिन 29 और 30 मई को पूरे मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि और 50-70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की संभावना है, जिससे तापमान 3 से 5 डिग्री गिर जाएगा। 28 मई को लू के असर के बाद 29 मई को छत्तीसगढ़ में ओले गिरने और 29 से 31 मई के दौरान तेज अंधड़ के साथ बारिश की प्रबल संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश तक के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। 28 से 30 मई के बीच अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आएगी। हालांकि, 31 मई से तापमान फिर 4-6 डिग्री बढ़ सकता है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में 28 मई से 2 जून के बीच तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।







