Bihar Rain Alert: मॉनसून की सक्रियता के कारण बिहार में आज भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, लेकिन खराब मौसम को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
किन जिलों में जारी हुआ भारी बारिश का अलर्ट?
मौसम विभाग के अनुसार, सीमांचल, उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के कई जिलों में मॉनसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। जिन 22 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, बांका, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार शामिल हैं। इन इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है।






कैसा रहा मंगलवार का मौसम और क्या है पूर्वानुमान?
मंगलवार को राजधानी पटना में दिनभर बादल छाए रहे, हालांकि थोड़ी देर के लिए धूप भी निकली। शाम होते-होते फिर से बादलों ने राजधानी को घेर लिया और रात में कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। पटना के आसपास के जिलों में भी ऐसी ही स्थिति रही, जबकि खगड़िया, सीतामढ़ी और कटिहार में अच्छी बारिश हुई। नालंदा और वैशाली जिले में भी पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य में इसी तरह का मौसम बना रहेगा। रुक-रुककर बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी, हालांकि कुछ हिस्सों में नमी के कारण उमस वाली गर्मी परेशान कर सकती है। जुलाई के आखिरी हफ्ते में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है, जिससे पूरे बिहार में झमाझम बारिश का दौर देखा जा सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का क्या है कहना?
मौसम में लगातार हो रहे इन बदलावों के पीछे मौसम वैज्ञानिकों ने मॉनसूनी गतिविधियों के मजबूत और कमजोर होने को मुख्य वजह बताया है। उनके मुताबिक, जब नमी वाली हवाओं का प्रकोप बढ़ता है, तो बादल बनते हैं और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होती है। बारिश रुकने और धूप निकलने के बाद हवा में मौजूद नमी के कारण उमस भरी गर्मी महसूस होती है, जिससे मौसम में यह लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।









