Darbhanga Murder: आंचल कुमारी दरभंगा। दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र में 18 अगस्त की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। रतनपुर-कलवाड़ा मुख्य सड़क के किनारे मोकररी में झाड़ी के पास 25 वर्षीय युवक आदित्य माधव भारद्वाज उर्फ सत्यम सिंह का लहूलुहान शव मिला। अपराधियों ने सत्यम की कनपटी में दो और सीने में एक गोली मारी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
दवा लेने निकला था सत्यम, घर लौटा शव
पिता संजीव कुमार के मुताबिक, रात सवा आठ बजे सत्यम से फोन पर उनकी बात हुई थी। सत्यम ने उन्हें बताया कि वह मलिकपुर में है और जल्द ही घर आ रहा है। लेकिन पौने नौ बजे के बाद सत्यम का फोन बंद हो गया। कुछ ही देर बाद परिवार को यह दुखद खबर मिली कि सत्यम को गोली मार दी गई है। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुरानी रंजिश और दोस्त पर शक, पुलिस की पैनी नजर
संजीव कुमार ने आरोप लगाया है कि गांव और आसपास के कुछ लोगों ने पहले भी सत्यम को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस इस मामले को पुरानी दुश्मनी, आपसी विवाद और घटना के वक्त सत्यम के साथ मौजूद दोस्त के एंगल से गंभीरता से देख रही है।टेक्निकल टीम मृतक के कॉल डिटेल और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने बताया कि परिजनों की निशानदेही पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का दर्द, अपराधियों पर कार्रवाई की मांग
संजीव कुमार ने गहरे दुख के साथ कहा, ‘मेरा बुढ़ापे की लाठी टूट गई।’
एक भाई और एक बहन में सबसे बड़े सत्यम की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। उनकी छोटी बहन अब किसे राखी बांधेगी, यह सोचकर घर में मातम पसरा है। पुलिस के एक वरीय अधिकारी ने इस मामले पर बात करते हुए कहा है कि, ‘मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और बहुत जल्द हत्यारों तक पहुंचा जाएगा।’ पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।








You must be logged in to post a comment.