Bihar Crime News: भागलपुर के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिलगौरी वार्ड नंबर-13 में एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की आशंका टल गई है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
हथियार और कारतूस बरामद, पहचान उजागर
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान कासिमपुर वार्ड नंबर-8 निवासी जादू दास, मो. शहनशा और डब्लू कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इन युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि उनके संभावित मंसूबों और अन्य आपराधिक संपर्कों का पता लगाया जा सके।
ऐसे हुई पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं और किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दिलगौरी वार्ड नंबर-13 में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ही उनके पास से हथियार और कारतूस मिले।
विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया, ‘वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों से पूछताछ जारी है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।’
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस गिरफ्तारी से भागलपुर जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है।







