Darbhanga Crime दरभंगा में खूनी फसाद के 11 ‘ गुनहगार ‘: चंदे के पैसे मांगे तो चौकीदार ने फोड़ा सिर, सोने का लॉकेट भी छीना! मंदिर और छठ घाट के निर्माण कार्य के लिए बची हुई चंदे की राशि में खूनी फसाद। प्राथमिकी में थाना चौकीदार रामबाबू पासवान के अलावा ग्यारह लोग हैं।
Darbhanga Crime News: बिहार के दरभंगा जिले में चंदे की राशि के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बहेड़ी थाना क्षेत्र के ब्लॉट गांव में हुई इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस मामले में पुलिस चौकीदार समेत 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, ब्लॉट गांव निवासी सुधीर पासवान ने बहेड़ी थाना में आवेदन देकर गाली-गलौज, मारपीट, लोहे की रॉड से हमला करने और सोने का लॉकेट छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना तीस सितंबर की रात गहवर पूजा को लेकर मंदिर परिसर में चल रही एक बैठक के दौरान हुई।
चंदे के पैसों पर भड़का विवाद, सिर पर रॉड से हमला
सुधीर पासवान के आवेदन के मुताबिक, मंदिर और छठ घाट के निर्माण कार्य के लिए बची हुई चंदे की राशि के उपयोग को लेकर बैठक में बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद रामबाबू पासवान, जो कि थाना चौकीदार हैं, और अन्य लोगों ने मिलकर सुधीर पासवान पर हमला कर दिया।
आरोप है कि लोहे की रॉड से सुधीर के सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया था। पांच अक्तूबर को इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली।
चौकीदार समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
इस मामले में पुलिस ने सुधीर पासवान के बयान के आधार पर कुल 11 लोगों को नामजद किया है। प्राथमिकी में थाना चौकीदार रामबाबू पासवान के अलावा शशि भूषण पासवान, किशुनजी पासवान, दिलखुश पासवान, सहदेव पासवान, रघुवीर पासवान, अजय पासवान, मुकेश पासवान, प्रमोद पासवान, गंगो पासवान और प्रिंस कुमार के नाम शामिल हैं।
सुधीर पासवान ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनका सोने का लॉकेट भी छीन लिया गया। बहेड़ी पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।







