Giridih Bank Loot कांड की जांच के सिलसिले में झारखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली जिले के हाजीपुर से दो लोगों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई काजीपुर थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर चपुता गांव में की गई, जहां पुलिस टीम सादे कपड़ों में और ब्लैक स्कॉर्पियो वाहन से पहुंची थी। इस छापेमारी के दौरान स्थानीय स्तर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों ने गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों की पहचान जमीन कारोबारी सत्य प्रकाश उर्फ जुगनू ठाकुर और राजू राय के रूप में हुई है। झारखंड पुलिस ने लूटकांड में इनकी कथित संलिप्तता को लेकर फिलहाल विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन पूछताछ के लिए दोनों को अपने साथ झारखंड ले जाया गया है।

परिजनों ने जताया अपहरण का अंदेशा और मारपीट का आरोप
कार्रवाई के दौरान सरोज कुमार नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया। वहीं, सत्य प्रकाश के भाई वेद प्रकाश ने पुलिसकर्मियों के सादे कपड़ों में होने और बिना स्पष्ट पहचान बताए दोनों को ले जाने पर अपहरण की आशंका जताई। इस संबंध में उन्होंने काजीपुर थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
काजीपुर थानाध्यक्ष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि झारखंड पुलिस गिरिडीह के यूको बैंक लूटकांड के सिलसिले में दोनों व्यक्तियों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस मामले में आगे की कानूनी और अनुसंधान प्रक्रिया झारखंड पुलिस के स्तर पर पूरी की जाएगी, जिससे बैंक लूटकांड से जुड़े अन्य राज भी सामने आ सकते हैं।







