Morwa News: समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत ररियाही पंचायत के रघुनाथपुर गांव में महापर्व को लेकर चिंताजनक स्थिति बनी हुई है। यहां स्थित छठ घाट की सफाई का कार्य अब तक शुरू नहीं किया गया है, जिसके कारण घाट परिसर में चारों तरफ गंदगी फैली हुई है। आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर चुके स्थानीय लोगों और व्रतियों की इससे परेशानी काफी बढ़ गई है।

प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से लगाई गुहार
हलई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस गांव के घाट पर फैली गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। स्थानीय वार्ड सदस्य राजेश कुमार रोशन ने मंगलवार सुबह इस मामले पर संज्ञान लेते हुए स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित मुखिया, स्वच्छता पर्यवेक्षक और प्रखंड प्रशासन से तत्काल प्रभाव से घाट की साफ-सफाई करवाने की पुरजोर मांग की है।

पूजा से पहले घाट की सफाई होने पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा करने में सुविधा होगी।
वार्ड सदस्य ने बताया कि समय रहते यदि सफाई का कार्य पूरा नहीं किया गया, तो व्रतियों और श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द इस दिशा में कदम उठाएं और घाट की समुचित सफाई करवाएं ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।







