Samastipur News: बिहार में एक बार फिर पुलिस और जनता के बीच तनाव का माहौल देखने को मिला है। समस्तीपुर में एक 4 साल के बच्चे की मौत के बाद भड़की भीड़ ने जमकर बवाल काटा। गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने भीड़ पर एके-47 तान दी, जिससे स्थिति और विस्फोटक हो गई। यह घटना सीवान में हुए ऐसे ही एक मामले की याद दिलाती है, जब एक पुलिसकर्मी ने प्रदर्शनकारियों पर एके-47 तान दी थी।

मामला समस्तीपुर में तब गरमा गया जब एक मोटरसाइकिल सवार ने 4 साल के अंशु कुमार को कथित तौर पर टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक बच्चे के चाचा ने बताया कि उनके भतीजे को ठोकर मारी गई है। वहीं, मृतक अंशु के पिता ने आरोप लगाया कि उनका बेटा सड़क किनारे जा रहा था, लेकिन मोटरसाइकिल सवार ने जानबूझकर उसे धक्का मार दिया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी मुखिया का बेटा है। पिता ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए कि घटना की सूचना के बावजूद पुलिस देर से पहुंची और आरोपी को भागने दिया।
गुस्साई भीड़ ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
बच्चे की मौत और पुलिस की कथित लापरवाही से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए और जमकर हंगामा किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी पर चढ़कर तोड़फोड़ की और कई पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान सड़क पर संग्राम जैसी स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे भीड़ पुलिसवालों पर टूट पड़ी है।
जब पुलिसकर्मी ने भीड़ पर तान दी AK-47
बवाल के दौरान एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई, जिसमें एक पुलिसकर्मी हाथ में एके-47 ताने भीड़ की ओर बढ़ता दिख रहा है। हालांकि, उसी समय एक अन्य पुलिसकर्मी ने उसे रोका। बताया जा रहा है कि एके-47 तानने वाला जवान एसएएफ का था। हालांकि, इस मामले पर समस्तीपुर के डीएसपी ने अलग ही बयान दिया है। डीएसपी ने पुलिस जवान द्वारा एके-47 तानने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि जवान हथियार हाथ में लेकर दौड़ रहा था।
सीवान में भी हुई थी ऐसी ही घटना
यह घटना पिछले साल 25 जुलाई को सीवान में हुई एक ऐसी ही वारदात की याद दिलाती है। तब धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरे बिहार में प्रदर्शन हो रहा था। सीवान के जेपी चौक पर प्रदर्शन के दौरान सिपाही अभिषेक कुमार पटेल ने एके-47 से गोलियां बरसाई थीं। उस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसके बाद आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया था। समस्तीपुर में इस ताजा घटना ने एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था और पुलिस के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक बच्चे के पिता ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे उसके घर में आग लगा देंगे।








You must be logged in to post a comment.