Bhagalpur News: भागलपुर में काली पूजा मेले की रौनक एक पल में मातम में बदल गई। एक दर्दनाक हादसे ने तीन मासूम बच्चों को अनाथ कर दिया है। एसएम कॉलेज जाने वाले रास्ते पर स्थित बजरंगबली स्थान के सामने लगे जनरेटर में बाल फंसने से एक महिला की मौत हो गई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। यह घटना भागलपुर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।

मृतका की पहचान बांका जिले के बौंसी निवासी रीना देवी के रूप में हुई है। यह हादसा तब हुआ जब रीना देवी अपनी छोटी बहन रूपा के साथ काली पूजा का मेला देखने पहुंची थीं। रात करीब 8:30 बजे अचानक उनके बाल जनरेटर में उलझ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मेले में जनरेटर बना ‘यमराज’, इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद घायल रीना को मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी छोटी बहन रूपा ने आरोप लगाया कि इस मुश्किल घड़ी में प्रशासन की ओर से कोई समुचित मदद नहीं मिली। रीना देवी का रातभर अस्पताल में इलाज चला, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना ने काली पूजा मेले की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया है।
तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया, भविष्य पर संकट
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि रीना देवी के तीन छोटे बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि उनके पति ने उन्हें छोड़ दिया था, जिसके बाद रीना चौका-बर्तन का काम करके अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। वह परिवार की एकमात्र सहारा थीं। उनकी मौत से तीनों बच्चों के भविष्य पर गहरा संकट छा गया है। रीना देवी की असमय मृत्यु ने परिवार को बेसहारा कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।







