Bihar ASI Death: बिहार के मधुबनी जिले में बलिराजगढ़ गोलीकांड के मुख्य आरोपी फरार ASI चंद्रमोहन सिंह का शव गुरुवार देर शाम बरामद कर लिया गया है। इस घटना ने पूरे मामले में नया मोड़ ला दिया है।


मधुबनी के बाबूबरही में गोलीबारी और हत्या की घटना में फरार ASI चंद्र मोहन सिंह का शव बोरे में बंद एक खेत से बरामद ..! शरीर पर कई ज़ख़्म के निशान, चेहरा कुचला हुआ ..!
ASI बलिराजगढ़ में एक महिला के घर आना-जाना था जिसके बाद रात में ग्रामीणों ने घेर लिया था उसके बाद ASI भागने के दौरान कई लोगों को गोली मार दिया था ..!
चर्चित मधुबनी गोलीकांड के बाद से फरार चल रहे ASI चंद्रमोहन सिंह की तलाश खत्म, सड़े-गले हालत में काले बैग में चार-पांच दिन पुराना शव बरामद; शव के पास मिला लैपटॉप और सर्विस पिस्टल
शव की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड, मोबाइल, लैपटॉप और कपड़ों के आधार पर की गई, एससपी योगेन्द्र कुमार ने की।
पुलिस ने चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी पर इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 2 लाख रुपये कर दी थी, जिसके कुछ ही घंटों बाद उसका शव मिला। शव के पास से उसकी सर्विस पिस्टल, आधार कार्ड, मोबाइल और लैपटॉप भी बरामद हुए हैं, जिससे मौत की परिस्थितियों पर गहरे सवाल उठ रहे हैं।
मधुबनी पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में हुई गोलीबारी की घटना के बाद से ही ASI चंद्रमोहन सिंह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर 12 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। ये टीमें बिहार के अलग-अलग जिलों के साथ नेपाल के सीमावर्ती इलाकों और राज्य के बाहर भी लगातार छापेमारी कर रही थीं। गुरुवार, 12 नवंबर को ही पुलिस ने इनाम की राशि में भारी बढ़ोतरी की थी।
शव के पास मिले अहम सबूत, FSL टीम ने की जांच
बाबूबरही इलाके के एक मैदान में शव पड़े होने और दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली थी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में FSL की टीम को भी बुलाया गया। मौके से मिले कपड़े, आधार कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कागजातों के आधार पर शव की पहचान फरार ASI चंद्रमोहन सिंह के रूप में हुई। जांच के दौरान शव के नीचे से उसकी सर्विस पिस्टल भी बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया, ‘घटनास्थल से मिले सभी सबूतों की जांच की जा रही है। सर्विस पिस्टल को बैलेस्टिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका इस्तेमाल किस तरह हुआ था।’
मौत की वजह पर पुलिस अभी खामोश, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
ASI चंद्रमोहन सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस पर फिलहाल पुलिस कोई पुख्ता जानकारी नहीं दे रही है। पुलिस ने साफ किया है कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शव का इनक्वेस्ट यानी मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तैयार की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, तीन डॉक्टरों की मेडिकल बोर्ड टीम शव का पोस्टमार्टम करेगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा, ‘मौत की असली वजह जानने के लिए इनक्वेस्ट रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सर्विस पिस्टल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाएगा। इन रिपोर्टों के सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ASI की मौत कैसे हुई।’
क्या था बलिराजगढ़ गोलीकांड, क्यों फरार हुआ था ASI?
इस पूरे मामले की शुरुआत 3 नवंबर को हुई थी, जब बलिराजगढ़ में ग्रामीणों ने ASI चंद्रमोहन सिंह को एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। ग्रामीणों के विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि ASI ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आरोपी ASI मौके से फरार हो गया था। तब से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
डीएम से बदसलूकी और तेजस्वी यादव का गांव दौरा
गोलीबारी की घटना के बाद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में भारी नाराजगी थी। 4 नवंबर को ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा, एसएसपी योगेंद्र कुमार और सदर एसडीओ चंदन कुमार झा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन भीड़ ने डीएम के साथ बदसलूकी की। कुछ लोगों ने उनका कॉलर पकड़ लिया, जबकि एक महिला ने चप्पल तक निकाल ली थी। हालात बिगड़ते देख अधिकारियों को सुरक्षित वहां से निकाला गया। इसके बाद 5 नवंबर को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई नेता मृतक के परिजनों और घायलों से मिलने गांव पहुंचे थे।
अब फरार ASI के शव मिलने के बाद पुलिस को इन सभी सवालों के जवाब ढूंढने होंगे कि उसकी मौत कैसे हुई और क्या यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।








You must be logged in to post a comment.