Gaya News: सूर्योपासना के महापर्व छठ को लेकर गया शहर में अद्भुत और भव्य माहौल देखने को मिल रहा है। शहर के चार प्रमुख स्थानों पर ओपन पंडाल बनाकर भगवान सूर्य की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जहां आधुनिक लाइट एंड साउंड के माध्यम से छठी मईया और भगवान सूर्य की महिमा का सजीव प्रदर्शन किया जा रहा है। शहर के कोयरीबारी, चांदचौरा, नई गोदाम मोड़ और गेवाल बिगहा में इस बार भी बेहद आकर्षक और भव्य आयोजन किए जा रहे हैं।

कोयरीबारी में राक्षस कालासुर वध की अनूठी कथा
शहर के कोयरीबारी इलाके में इस वर्ष 36वें वर्ष के तहत भव्य छठ पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार की शाम खरना के अवसर पर इसका औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस बार के आयोजन की मुख्य थीम राक्षस कालासुर के आतंक के अंत की पौराणिक कथा पर आधारित है। यहां डीजे इफेक्ट साउंड और चकाचौंध करती रंग-बिरंगी रोशनी के बीच भगवान सूर्य और राक्षस के बीच हुए युद्ध तथा वध के दृश्यों को बेहद आकर्षक तरीके से दिखाया जा रहा है, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ और आयोजन का पूरा शेड्यूल
शाम ढलते ही कोयरीबारी का पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी और भक्ति गीतों से सराबोर हो जाता है। समिति के अध्यक्ष नागेंद्र कुमार कैशू और संयोजक राणा रंजीत सिंह ने जानकारी दी कि 14 से 18 नवंबर तक चलंत मूर्तियों के माध्यम से भगवान सूर्य की महिमा के दर्शन और पूजन का सिलसिला जारी रहेगा। इसके पश्चात 19 नवंबर को गाजे-बाजे के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा, और 20 नवंबर को खाटू नरेश का जन्मोत्सव बहुत धूमधाम से मनाया जाएगा।
1990 से चली आ रही है भव्य आयोजन की परंपरा
कोयरीबारी में इस शानदार आयोजन की शुरुआत वर्ष 1990 से लगातार होती आ रही है। इस परंपरा को हर साल और अधिक भव्य बनाया जाता है। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष बलराम सिंह, राकेश कुमार कोला, राकेश यादव, टिंकू गोस्वामी, प्रवीण कुमार छोटू, विजय गुप्ता, सूरज कुमार, नन्हे सिंह, प्रमोद कुशवाहा, पिंकू कुमार, धनंजय कुमार, मोनी कुमार, रंजीत डॉन और उज्ज्वल कुमार समेत कई अन्य समर्पित सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।







