Darbhanga News: बिहार के दरभंगा जिले के रैयाम थाना क्षेत्र स्थित नयागांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 21 वर्षीय युवक रौशन यादव का शव उसके अपने ही बगीचे में आम के पेड़ से लटका मिला। शादी की तैयारी में जुटे परिवार के लिए यह खबर किसी वज्रपात से कम नहीं थी। इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने शव के साथ रैयाम-औंसी जीरो माइल मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

शादी से पहले इकलौते बेटे की मौत, परिजनों का बुरा हाल
मृतक रौशन यादव, नयागांव निवासी देबू यादव के इकलौते पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, रौशन को आखिरी बार सोमवार शाम को गांव में देखा गया था। रातभर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार की सुबह उसका शव अपने ही कलम बगान (बगीचे) में आम के पेड़ से लटका पाया गया, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों के लिए यह खबर अविश्वसनीय थी, क्योंकि रौशन की शादी कुछ ही दिनों में होने वाली थी। बचपन में ही मां का साया सिर से उठ जाने के बाद, अब इकलौते बेटे की इस तरह मौत से पिता देबू यादव और पूरा परिवार गहरे सदमे में है। वे घटना के बारे में कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं हैं।
ग्रामीणों ने जाम किया मार्ग, पुलिस समझाने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही रैयाम थानाध्यक्ष रौशन कुमार टू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के पॉकेट से उसका मोबाइल फोन मिला, जबकि पेड़ से लटके शव के ठीक नीचे उसकी साइकिल खड़ी थी। ग्रामीणों ने पुलिस से उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी। जाम के कारण सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। थानाध्यक्ष और पुलिस बल जाम कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने की लगातार कोशिश कर रहे थे, लेकिन ग्रामीण वरीय पदाधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए थे।
फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और रौशन की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना ने पूरे नयागांव को झकझोर कर रख दिया है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।








You must be logged in to post a comment.