Bihar Mithilakshar Workshop: मधुबनी: बिहार की प्राचीन और गौरवशाली सांस्कृतिक पहचान मिथिलाक्षर लिपि को संरक्षित करने के लिए मधुबनी में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में पाँच दिवसीय बिहार मिथिलाक्षर कार्यशाला का भव्य शुभारंभ किया गया है। यह कार्यशाला सौराठ महोत्सव-2026 के उपलक्ष्य में मिथिला ललित संग्रहालय, सौराठ में आयोजित की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है।

मिथिलाक्षर: हमारी पहचान, हमारा गौरव
इस कार्यशाला का संकल्प ‘अपन भाषा, अपन लिपि, अपन सांस्कृतिक पहचान’ और ‘मिथिलाक्षर: हमर गौरव, हमर धरोहर’ है। यह पाँच दिवसीय कार्यशाला प्रतिदिन दोपहर 01:30 बजे से शाम 04:00 बजे तक संचालित होगी। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें मिथिला चित्रकला संस्थान के
निदेशक चंद्रशेखर प्रसाद सिंह, उपनिदेशक सह जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार, सौराठ सभा गाछी समिति के सचिव शेखर नाथ मिश्र और कोषाध्यक्ष शंभुनाथ झा, मिथिला चित्रकला संस्थान की प्राध्यापिका डॉ. रानी झा, और कार्यशाला की प्रशिक्षिका मालती मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप, सभी अतिथियों को पाग और दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत संबोधन में उपनिदेशक सह जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह कार्यशाला मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी तक उसके हस्तांतरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नई पीढ़ी तक पहुंचेगी अनमोल विरासत
मिथिलाक्षर केवल लेखन एवं संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मिथिला के प्राचीन ज्ञान, साहित्य, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की महत्वपूर्ण संवाहक है। अपनी भाषा एवं लिपि का संरक्षण करना अपनी सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कदम है।
– श्री चंद्रशेखर प्रसाद सिंह, निदेशक, मिथिला चित्रकला संस्थान
मिथिला चित्रकला संस्थान के निदेशक श्री चंद्रशेखर प्रसाद सिंह ने मिथिलाक्षर लिपि के ऐतिहासिक महत्व, विशिष्ट स्वरूप और वैज्ञानिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह लिपि मिथिला के प्राचीन ज्ञान और गौरवशाली इतिहास की महत्वपूर्ण संवाहक है। पहले दिन ही प्रतिभागियों में मिथिलाक्षर सीखने को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा। प्रशिक्षिका श्रीमती मालती मिश्रा ने प्रतिभागियों को लिपि की मूलभूत जानकारी और लेखन का प्रारंभिक अभ्यास कराया।
आगामी पाँच दिनों तक इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को मिथिलाक्षर के अक्षरों, लेखन पद्धति और व्यावहारिक प्रयोग से परिचित कराया जाएगा। इस पहल का मुख्य लक्ष्य मिथिलाक्षर लिपि के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक लिपि से जोड़ना, और मिथिला की अमूल्य भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा संवर्धन को प्रोत्साहित करना है।








You must be logged in to post a comment.