Bhagalpur Mandir Chor: बिहार के भागलपुर में चोरों ने एक प्राचीन मंदिर को निशाना बनाया है। बबरगंज थाना क्षेत्र के शैलबाग मोहल्ले में स्थित प्राचीन शैलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में देर रात बड़ी चोरी की वारदात हुई है। तीन से चार की संख्या में आए चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर भगवान के कीमती आभूषण, पूजा के बर्तन, पीतल का त्रिशूल और घंटे समेत कई सामान चुरा लिए। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

चोरों ने एक घंटे तक खंगाला मंदिर, इत्मीनान से की चोरी
चोरी की यह वारदात इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि चोरों ने मंदिर परिसर में एक घंटे से अधिक समय तक रुककर इत्मीनान से चोरी की। उन्होंने पूरे मंदिर को खंगाला और कीमती सामानों पर हाथ साफ किया। सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा करने पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर दंग रह गए। उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद बबरगंज थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अच्छी बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान हो सके। इसके साथ ही, चोरों का सुराग लगाने और चोरी हुए सामानों की बरामदगी के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है। इस घटना ने मंदिर और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







