Naubatpur Accident: पटना के नौबतपुर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बिहटा-सरमेरा रोड पर गोनवां गांव के समीप एक सरकारी एम्बुलेंस ने रॉन्ग साइड से आकर सामने से आ रहे एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में ऑटो सवार दो महिलाओं सहित चार लोग और एम्बुलेंस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल नौबतपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

यह घटना गोनवां ओपी क्षेत्र अंतर्गत बिहटा-सरमेरा रोड पर हुई, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया. बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया.


रॉन्ग साइड से आ रही थी सरकारी एम्बुलेंस, 5 लोग जख्मी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, सरकारी एम्बुलेंस रॉन्ग साइड से आ रही थी, तभी सामने से आ रहे ऑटो से उसकी सीधी टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में ऑटो चालक मुकेश कुमार, बसंती देवी, चिंता देवी समेत कुल चार ऑटो सवार और एम्बुलेंस चालक सौरभ जख्मी हो गए. घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं. ऑटो में सवार सभी लोग मनेर थाना क्षेत्र के महिनावां गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.
शादी समारोह में खाना बनाने जा रहे थे ऑटो सवार
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो पर सवार सभी लोग मनेर से नौबतपुर बाजार में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने के लिए जा रहे थे. वहीं, बिहटा रेफरल अस्पताल की सरकारी एम्बुलेंस एक डिलीवरी पेशेंट को छोड़कर वापस लौट रही थी. गोनवां गांव के पास कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रही एम्बुलेंस ने ऑटो को टक्कर मार दी.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और गोनवां ओपी प्रभारी मंजीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में एम्बुलेंस चालक सौरभ की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सरकारी एम्बुलेंस और ऑटो दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि एम्बुलेंस आखिर रॉन्ग साइड से क्यों आ रही थी और किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ.







