
पटना में एक नाबालिग बाईपास थाना क्षेत्र के बाहरी बेगमपुर पार पोखरा मोहल्ला निवासी 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। वह अपने घर से कोचिंग के लिए निकली थी। कोचिंग में आठवीं की पढ़ाई कर शाम 6:30 बजे के आसपास वो घर लौट रही थी।
इसी दौरान मोहल्ले के ही रहने वाले गोलू और उसके चार अन्य साथी उसे बहला-फुसलाकर एक कमरे में ले गए, और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। किशोरी के देर रात घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया। जिन पांच लोगों ने लड़की के साथ हैवानियत की वो लड़की के परिचित और उसके दोस्त हैं। इसमें एक ऑटो ड्राइवर भी है। पढ़िए पूरी खबर
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने पीड़िता को अपने कब्जे में लेकर उसे मेडिकल जांच के लिए गर्दनीबाग अस्पताल भेज दिया है, वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान में जुट गई है। घटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र की बतायी जाती है।
इसी दौरान सुबह शनि मंदिर के समीप किशोरी के बदहवास हालत में पाए जाने के बाद पुलिस के पहुंचने पर पीड़िता ने पूरी घटना से पुलिस को अवगत कराया। मामला संज्ञान में आते पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई। घटना के संबंध में पूछे जाने पर पीड़िता के चाचा ने मोहल्ले के ही रहने वाले गोलू और उसके अन्य साथियों पर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पटना सिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए नाबालिग की ओर से पांच लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की बात कही है। पांच नामजदों में एक ऑटो चालक भी शामिल है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे कड़ी पूछताछ चल रही है। पटना सिटी एएसपी की मानें तो पीड़िता और आरोपी एक दूसरे को जानते हैं और वो पूर्व परिचित हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक ने जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है।







