
दरभंगा, देशज टाइम्स। 111वें बिहार दिवस के अवसर पर 22 मार्च को जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न खेलों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से नेहरू स्टेडियम में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग में एकलव्य ने किलकारी को 25-16 हरा कर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। वहीं, बैडमिंटन बालक वर्ग अंडर-14 में स्वर्ण रोहित कुमार, रजत आदर्श कुमार एवं कांस्य पदक शिवम कुमार ने अपने नाम किया।
बैडमिंटन बालक वर्ग के अंडर-17 में स्वर्ण रौशन कुमार, रजत दीपक कुमार एवं राहुल कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। बैडमिंटन बालिका अंडर-14 में स्वर्ण प्रीति कुमारी, रजत साक्षी कुमारी एवं कांस्य पदक शीतल कुमार ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता समाप्ति उपरांत सभी विजेता खिलाड़ियों को ऑडिटोरियम, नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पुरस्कृत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम को विधिवत उद्घाटन लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री ललित कुमार यादव, समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी, नगर विधायक संजय सरावगी एवं जिलाधिकारी राजीव रौशन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षा विभाग, दरभंगा की ओर से “युवा शक्ति बिहार” पर नुक्कड़ नाटक की ओर से युवा पीढ़ी को संदेश दिया गया। मिथिला के सुप्रसिद्ध गायक राम बाबू झा एवं गायिका रचना झा ने “स्वर्ग स सुंदर अपन मिथिला धाम” गीत पर दशकों खुब झुमाया। स्कूली बच्चों की ओर से मिथिला कि संस्कृति सामा चकेबा, छठ पर्व पूजा के गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया गया।” ऐसा देश है मेरा” गाना पर पूरे ऑडिटोरियम में बैठे लोग झूम उठे।
कार्यक्रम के दौरान जिले के चौदह लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी बहुमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया। प्रेक्षागृह के परिसर में जीविका, शिक्षा विभाग, जीविका, मत्स्य व कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों ने व्यंजन मेला में अपने अपने स्टॉल लगाए। जिसमें कई तरह के व्यंजन भी शामिल किए गए। जिसका स्वाद लोगों की जुबान पर चढ़कर बोल रहा है।
मौके पर नगर आयुक्त कुमार गौरव, अपर समाहर्ता राजेश झा राजा, वरीय उप समाहर्ता टोनी कुमारी, वरीय उपसमाहर्ता संस्कार रंजन, वरीय उप समाहर्ता कंचन कुमारी झा उपस्थित थे।
इसके साथ ही बिहार दिवस के अवसर पर पूर्वाह्न 07ः00 बजे से दरभंगा, समाहरणालय से स्कूली बच्चों की ओर से प्रभातफेरी निकाली गई। इसके साथ ही जिले के सभी विद्यालयों की ओर से अपने पोषण क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली गई।
इसके साथ ही बिहार दिवस समारोह के अवसर पर समाहरणालय, आयुक्त कार्यालय, पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विकास भवन, जिला अतिथि गृह, परिवहन कार्यालय सहित जिले के सभी कार्यालयों को नीले रंग की बत्ती से सराबोर किया गया।






