दरभंगा, देशज टाइम्स। श्यामा मंदिर, माधेश्वर स्थान, गंगासागर स्थित शिवालय, केएम टैंक, पंडासराय भूतनाथ महादेव, दिग्घी पश्चिम स्थित शिवालय, बलभद्रपुर, दरभंगा जंक्शन, डेनबी रोड, मब्बी, छिपलिया महादेव, कबिलपुर स्थित बाबा केश्वेश्वरनाथ महादेव, हजारीनाथ मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में सोमवार को सुबह से ही शिवभक्तों का तांता जलाभिषेक को उमड़ता रहा।
महाशिवरात्रि की धमक वैसे तो बीती रात से ही मंदिरों में जलती रोशनियों से जगमगा रहे परिसर गवाही दे रहे थे। शिवालयों पर शिवभक्तों के भजन-कीर्तन का सिलसिला भी रात भर जारी रहा। भगवान शंकर की अराधना का पर्व महाशिवरात्रि पूरे जिले में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने गंगाजल व दूध से भगवान शिव का अभिषेक कर बेलपत्र,
भांगपत्र, धतूरा व बेर काप्रसाद चढ़ाया और मंगलकामनाएं कीं। इस दौरान महिलाएं सौलह श्रृंगार कर मंगलगीत गाते हुए शिवालय जाती दिखीं। इसके चलते सुबह से ही शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं सभी शिव मंदिर बम-बम के जयकारों में गुंजायमान रहे। इस दौरान, शहर से लेकर गांव तक महाशिवरात्रि की धूम मची रही।
शिवभक्तों का उल्लास चरम पर रहा। क्षेत्र में महाशिवरात्रि का व्रत सोमवार को रखकर महिलाओं व पुरूषों ने भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। शहर से लेकर गांव तक शिवालयों को सजाया गया है। रंग-बिरंगे रोशनी से शिवालय रात में भी जगमग है और वहां भक्तों की भीड़ भी जुटी हुई है। इधर, रविवार की छुटटी के बाद भी पूरे दिन बाजार में शिवभक्त पूजन सामग्री व फल-फूलों की खरीद में जुटे रहे।
इसको लेकर दरभंगा व लहेरियासराय गुदरी बाजारों में दिनभर काफी भीड़ रही। ऐसी मान्यता है कि शिवरात्रि के अवसर पर जो कोई भी नि:स्वार्थ भाव से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करते हैं, उन्हें मनचाही मुराद मिलती है। शिवालयों में रविवार को भी शिवलिग पर जलाभिषेक करने को शिवभक्तों की भीड़ जुटी रही। वहीं, सिंहवाड़ा के बाबा बटेश्वर नाथ परिसर व बेनीपुर में भव्य शोभा यात्रा निकली जो देखते ही बन रही थी।








You must be logged in to post a comment.