
भागलपुर-बांका मुख्य मार्ग पर बाराहाट थाना क्षेत्र के महराणा हाट के समीप ट्रक के धक्के से मैट्रिक की परीक्षा देने जा रही बाइक सवार अमरपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी उमेश ठाकुर की पुत्री सरस्वती कुमारी की आज सुबह मौत हो गयी। वह बाइक से जा रही थी कि इसी बीच वह बाइक से गिर गई पीछे से आ रहे ट्रक ने छात्रा को रौंद दिया जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह वह अपने घर बेला से सीएनडी इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय बौंसी परीक्षा केंद्र पर पहली पाली में मैट्रिक की परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए बाइक पर सवार होकर जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक के चकमा देने के कारण बाइक सवार असंतुलित हो गया जिसमें पीछे बैठी छात्रा गाड़ी से नीचे गिर गई। जैसे ही छात्रा नीचे गिरी कि पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उसे कुचल दिया। छात्रा की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
घटना के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद छात्रा की पहचान करके परिजनों को जानकारी दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सरस्वती अमरपुर थाना क्षेत्र के बलुआ गांव की अपने सहेली के साथ घर से बाइक पर परीक्षा केंद्र बौंसी के सीएम काॅलेज आ रही थी। बाइक सहेली का भाई गुलशन कुमार चला रहा था। महराणा हाट के समीप अचानक ब्रेक लगाने से बाइक पर पीछे बैठी सरस्वती कुमारी बीच सड़क पर गिर गयी और पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे धक्का मार दिया। जिसमें छात्रा गंभीर रूप से जख्मी हो गयी।
स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी छात्रा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बाराहाट लाया गया। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक छात्रा उच्च विद्यालय शाहपुर की छात्रा थी। मृतका अपने पांच भाई बहनों में तीसरे स्थान पर थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बाराहाट अस्पताल पहुंचे। परिजनों के चीख पुकार से पूरा अस्पताल गमगीन हो गया। उधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। साथ ही दुर्घटना ग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है।







