
भागलपुर से इस वक्त की बड़ी खबर है जहां नाथनगर प्रखंड के ललमटिया थानाक्षेत्र के पासी टोला में पत्नी और पुत्र के सामने शंकर साह के 40 वर्षीय पुत्र विकास कुमार साह की अपराधी ने दिनदहाड़े सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही डीएसपी तीन थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। सीआइएटी और एसआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया।
मृतक के दस वर्षीय पुत्र और घटना के चश्मदीद देव कुमार ने बताया कि सवा तीन बजे के करीब मोहल्ले में दो लोगों के बीच विवाद चल रहा था। तभी पड़ोसी राजकुमार चौधरी वहां आ गए और पिताजी को कहने लगे कि तुमने मुझे गाली दी है। मां-पिताजी ने कहा कि हमलोग तुमको कुछ नहीं बोल रहे हैं।
पर, राजकुमार ने उनकी एक नहीं सुनी और सीधे पिताजी के सिर में गोली मार दी। राजकुमार ने दो गोलियां चलाईं। दूसरी गोली पिताजी के सिर में जा लगी।





