Teghra News: बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड में महापर्व छठ और कार्तिक स्नान को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की पोल खुलती नजर आ रही है। गंगा घाटों पर पसरी कीचड़, जलजमाव और गंदगी के बीच श्रद्धालुओं को अपनी जान जोखिम में डालकर स्नान करना पड़ रहा है। बाढ़ का पानी उतरे काफी समय हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद घाटों की सफाई और रास्तों को ठीक करने का काम ठप पड़ा हुआ है। कार्तिक मास के पवित्र महीने में तेघड़ा के अलावा समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जिलों से भी रोज दूर-दराज के श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे हैं, जिन्हें भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।

इन प्रमुख गंगा घाटों पर पसरी है भारी बदहाली
तेघड़ा प्रखंड के कई प्रमुख गंगा घाटों पर अभी तक सफाई और समतलीकरण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों और समितियों के अनुसार, पीढ़ौली बूढ़ी बाबा थान, रातगांव पंचायत के विसौआ गंगा घाट, अजगरबर गंगा घाट, अयोध्या-मिथिला गंगा घाट, महादेव घाट, बजलपुरा घाट, बोल्डर घाट, बरौनी-दो पंचायत के बख्तर स्थान घाट और निपनिया-मधुरापुर के सीढ़ी घाट पर हालात बेहद खराब हैं। इन स्थानों पर रास्तों में गहरे गड्ढे और कीचड़ का साम्राज्य बना हुआ है, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
समितियों ने प्रशासनिक सुस्ती पर जताई कड़ी नाराजगी
अयोध्या-मिथिला गंगा घाट समिति के अध्यक्ष विवेक गौतम ने प्रशासनिक तैयारियों में हो रही भारी देरी पर गंभीर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण घाट पर तेघड़ा अनुमंडल के अलावा अन्य पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन अभी तक घाट का समतलीकरण और साफ-सफाई नहीं कराई गई है।
गुप्ता बांध से अयोध्या-मिथिला गंगा घाट तक आने वाली सड़क की हालत बेहद जर्जर है। चार दिन पहले जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने गंगा घाटों का निरीक्षण किया था और आवश्यक निर्देश दिए थे, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
प्रशासन से सुरक्षा और त्वरित सुधार की मांग
स्थानीय समितियों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से तत्काल प्रभाव से सभी प्रमुख घाटों की सफाई कराने, दलदल हटाने और घाटों का समतलीकरण करने की मांग की है। इसके साथ ही गुप्ता बांध से घाट तक आने वाली सड़क को आवागमन के लायक बनाने पर जोर दिया गया है। भारी भीड़ को देखते हुए कार्तिक पूर्णिमा तक घाटों पर एसडीआरएफ की टीम और पुलिस बल तैनात करने की भी पुरजोर मांग की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।







