Bhagalpur Police: बेतिया के सेनको गोल्ड शोरूम में हुई करोड़ों की डकैती के बाद भागलपुर पुलिस अब पूरी तरह अलर्ट हो गई है। शहर के आभूषण कारोबारियों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कई बड़े कदम उठाए हैं। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने स्वर्णकार संघ और जिले के प्रमुख आभूषण व्यवसायियों के साथ दो घंटे से अधिक लंबी बैठक की, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बैठक में जिले के सभी डीएसपी और प्रमुख थानों के थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

एसएसपी ने इस दौरान सभी ज्वेलरी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए। सबसे महत्वपूर्ण फैसला यह लिया गया है कि अब सभी आभूषण दुकानों में ‘पैनिक अलार्म सिस्टम’ लगाया जाएगा। इस अलार्म का सीधा संपर्क संबंधित थाने से होगा। आपात स्थिति में जैसे ही कोई दुकानदार अलार्म का बटन दबाएगा, तुरंत पुलिस को सूचना मिल जाएगी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

ज्वेलरी दुकानों के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आभूषण कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भागलपुर पुलिस ने एक व्यापक रणनीति बनाई है। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने व्यवसायों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस हर कदम पर उनके साथ है।
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा, ‘हमने आभूषण कारोबारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए हैं। पैनिक अलार्म सिस्टम सीधे थानों से जुड़ेगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस मदद पहुंचाई जा सकेगी। सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य किए गए हैं।’
शहर के एंट्री पॉइंट्स पर बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस ने केवल दुकानों के अंदर ही नहीं, बल्कि पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद किया है। सोना पट्टी सहित शहर के सभी प्रमुख सर्राफा बाजारों में पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है। इसके अलावा, अपराधियों की शहर में घुसपैठ रोकने के लिए पांच प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया है। इन चौकियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। व्यवसायियों को पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना दी जा सके। पुलिस का लक्ष्य है कि संभावित आपराधिक वारदातों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और आभूषण कारोबारी निर्भीक होकर अपना व्यापार कर सकें।







