बेनीपुर। महाविद्यालय में शैक्षणिक माहौल सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ 9 सूत्री प्रस्तावों पर विस्तृत विचार विमर्श के बाद सर्वसम्मति से पारित करते हुए अयाची मिथिला महिला महाविद्यालय (Ayachi Mithila Mahila College, Bahera, Darbhanga) शासी निकाय की बैठक गुरुवार को संपन्न हुई।






बैठक में सर्वप्रथम महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों की ओर से दी गई मांग पत्र पर विस्तृत विचार विमर्श करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय को भेजने का सर्वसम्मति निर्णय लिया गया। इस दौरान चयन समिति से चयनित शिक्षकों की सूची के अनुमोदन पर विचार करने के साथ-साथ प्रधानाचार्य की ओर से प्रस्तुत शिक्षकेतर कर्मियों की सूची तैयार कर पद सृजन हेतु विश्वविद्यालय को भेजने पर विचार विमर्श किया गया।
साथ ही महाविद्यालय के लेखापाल द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई और तत्काल सचिव द्वारा श्यामानंद चौधरी को वित्त संबंधित कार्य करने का निर्देश दिया गया। शिक्षक शिक्षकेतर कर्मियों के आवेदन पर विचार करते हुए कर्मचारियों के ईपीएफ खाता खोलने के साथ-साथ शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के सेवानिवृत्त एवं आकस्मिक निधन पर कर्मचारी कल्याण कोष से सहयोग राशि देने पर विचार किया गया।
क्षतिग्रस्त भवनों के जीर्णोद्धार के साथ-साथ नवनिर्मित भवन में विद्युतीकरण एवं वेबसाइट पर होने वाले व्यय पर विस्तृत विचार विमर्श किया गया। इस दौरान स्थानीय विधायक डॉ विनय कुमार चौधरी सर्वप्रथम महाविद्यालय में शैक्षणिक माहौल कायम करते हुए शिक्षण व्यवस्था में परिवर्तन लाने का सुझाव दिया और इसे अविलंब लागू करने का निर्णय लिया गया।
साथ ही शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों की ओर से महाविद्यालय के सचिव को तत्काल पद से हटाने की मांग की गई जिसे विश्वविद्यालय को भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता शासी निकाय के पदेन अध्यक्ष अनुमंडल पदाधिकारी शंभूनाथ झा ने की । इस अवसर पर महाविद्यालय के सचिव डॉ. दिलीप चौधरी, स्थानीय विधायक डॉ. विनय कुमार चौधरी, प्रभारी प्राचार्य रमेश कुमार झा सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी उपस्थित थे।








