

आरती शंकर, बिरौल, दरभंगा | हाटी–पिपरा मुख्य सड़क पर मंगलवार की देर शाम वाहन जांच (Vehicle Checking) के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई, जब कार सवार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) को ठोकर मार दी।
घटना में पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
अवर निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह बुरी तरह घायल
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय अवर निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह चुनाव के मद्देनज़र चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान में तैनात थे।
घटना सपहा पुल के समीप हुई, जहां पुलिस बल और पारा मिलिट्री फोर्स के साथ वाहन जांच चल रही थी। इसी दौरान शाम 6:30 बजे एक कार सिंघिया-पिपरा दिशा से तेज रफ्तार में आई और रोकने के बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।
कार ने अवर निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे वे बुरी तरह जख्मी हो गए।
अन्य पुलिस बल ने आरोपी को मौके पर दबोचा
घटना के तुरंत बाद अन्य पुलिसकर्मियों ने पीछा कर आरोपी चालक को पकड़ लिया। गाड़ी चलाने वाला व्यक्ति नवटोल गांव निवासी बसंत कुमार सिंह बताया जा रहा है।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया
यह घटना विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र जारी जांच अभियान के दौरान हुई। घायल पुलिस अधिकारी को बिरौल स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा कि लापरवाह वाहन चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की गई है।








