Bihar Civil Court: हाजीपुर में हुए एक दुखद रेल हादसे में जान गंवाने वाले दरभंगा सिविल कोर्ट के कर्मचारी विनय कुमार के परिवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने 1.10 करोड़ रुपये का बड़ा आर्थिक सहारा दिया है। यह बीमा राशि परिवार को तब मिली, जब दिवंगत विनय कुमार सरकारी कार्य के निर्वहन के दौरान हादसे का शिकार हो गए थे। बैंक के इस कदम से शोकाकुल परिवार को बड़ी राहत मिली है।

मंगलवार को दरभंगा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा और एसबीआई दरभंगा क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय प्रबंधक निरंजन कुमार पांडेय ने दिवंगत विनय कुमार की पत्नी हेमलता को यह बीमा राशि का चेक सौंपा। यह भुगतान एसबीआई और बिहार सिविल कोर्ट के कर्मचारियों तथा न्यायिक पदाधिकारियों के बीच हुए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) के प्रावधानों के तहत किया गया है।
1.10 करोड़ रुपये का बीमा कवर, जानें पूरी डिटेल
दिवंगत विनय कुमार की मृत्यु 23 जुलाई को हाजीपुर में एक रेल दुर्घटना में हुई थी। इस दुखद घटना के बाद उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए एसबीआई ने त्वरित कार्रवाई की। कुल 1.10 करोड़ रुपये की बीमा राशि में 1 करोड़ रुपये दुर्घटना बीमा कवर के तहत और 10 लाख रुपये सामान्य बीमा कवर के तहत शामिल हैं। यह राशि उनके बच्चों की शिक्षा और परिवार के भविष्य के लिए एक मजबूत आधार बनेगी।
एसबीआई दरभंगा शाखा के मुख्य प्रबंधक प्रणय कुमार झा ने बताया, ‘बैंक अपने वेतन खाता धारकों और उनके परिवारों को अप्रत्याशित परिस्थितियों में वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा वेतन पैकेज सिर्फ बीमा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह कई अन्य महत्वपूर्ण लाभ भी प्रदान करता है।’
एसबीआई के वेतन पैकेज में मिलती हैं ये सुविधाएं
एसबीआई का वेतन पैकेज केवल बीमा कवर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कई अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं भी शामिल हैं, जो कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं। इन सुविधाओं में पात्र आश्रित बच्चों की शिक्षा और विवाह के लिए सहायता, एम्बुलेंस शुल्क का भुगतान, तथा पार्थिव शरीर और परिजनों के परिवहन जैसी आवश्यकताएं शामिल हैं। इसके अलावा, गंभीर चिकित्सकीय आपात स्थितियों में भी नियमानुसार सहायता का प्रावधान है। इस अवसर पर कोर्ट मैनेजर मुकेश कुमार, न्यायालयकर्मी अश्वनी कुमार झा, संतोष कुमार झा, मो. मशरूल हसन उर्फ चांद, शैलेस कुमार सहित अन्य न्यायालयकर्मी और दिवंगत कर्मचारी के परिजन मौजूद थे।








You must be logged in to post a comment.