Bhagalpur Crime: बिहार के भागलपुर में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बंवरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर में एक महिला ने अपने देवर पर गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना में पीड़िता का हाथ टूट गया, जिसके बाद उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित महिला के अनुसार, जब घर में कोई मौजूद नहीं था, उसी दौरान उसके देवर ने उसे देखकर अश्लील गाने गाना शुरू कर दिया। महिला ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे चौकी पर धक्का देकर गिरा दिया और उसके कपड़े खींचने लगा। महिला के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद गुस्से में आरोपी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसका हाथ टूट गया।

नशे का आदी है आरोपी, पहले भी हुई थी शिकायत
पीड़िता के पति ने बताया कि उनके परिवार के पास केवल आधा कट्ठा जमीन है और चार भाई किसी तरह अपना जीवन यापन करते हैं। पति ने आरोप लगाया कि उनका भाई डब्ल्यू नशे का आदी है और नशे की हालत में अक्सर इस तरह का व्यवहार करता है। इस मामले को लेकर पहले भी एक-दो बार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने हर बार समझा-बुझाकर वापस भेज दिया।
पति ने कहा, ‘अगर पहले ही उचित कार्रवाई की गई होती, तो शायद ऐसी घटना दोबारा नहीं होती।’
पीड़ित परिवार ने अब न्याय की गुहार लगाई है। महिला के पति का कहना है कि उनकी पत्नी अस्पताल में दर्द से जूझ रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस घटना ने एक बार फिर परिवार के भीतर पनपती हिंसा और पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







