

प्रभाष रंजन, दरभंगा। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लोहिया चौक स्थित बाल सुधार गृह सह पर्यवेक्षण गृह में शनिवार को एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली है। मृत किशोर शौचालय में फंदे से लटका पाया गया। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स।
सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने किया था गिरफ्तार
मृत किशोर की पहचान भरत दास, पिता सकल देवदास, निवासी पैरा गांव (थाना सिंहवाड़ा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भरत को पवन महतो की शिकायत पर सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
इसके बाद अदालत के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह में सुधार के लिए भेजा गया था, जहाँ आज सुबह उसकी बाथरूम में मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या या आत्महत्या – इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
प्रशासन की जांच तेज़
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया।
मौके पर पहुंचे —
जिलाधिकारी कौशल कुमार
एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी
सदर एसडीएम विकास कुमार
सदर एसडीपीओ वन राजीव कुमार
लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार
सभी अधिकारी घटनास्थल की बारीकी से जांच में जुटे हैं। फिलहाल जिला प्रशासन ने आधिकारिक बयान देने से परहेज किया है।
परिवार का आक्रोश और जांच की तैयारी
मृतक के परिवारजन बाल सुधार गृह पहुंचे और मामले में न्यायिक जांच की मांग की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी जल्द ही प्रेस को संबोधित करेंगे।
मैगिस्टेरियल जांच
बताया जा रहा है कि भरत दास समेत तीन युवक इस मामले में बाल सुधार गृह भेजे गए थे। अब पूरे घटनाक्रम की मैगिस्टेरियल जांच कराई जाने की संभावना जताई जा रही है। देशज टाइम्स लगातार इस खबर पर अपडेट देता रहेगा।








