

सतीश चंद्र झा बेनीपुर। बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ। मतदान समाप्ति तक करीब 62 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
3 लाख मतदाता, 350 मतदान केन्द्रों पर हुई वोटिंग
बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख मतदाता थे, जिनके लिए 350 मतदान केन्द्र बनाए गए थे। सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ, लेकिन मतदाताओं की भीड़ सुबह 6 बजे से ही केन्द्रों पर दिखने लगी।
दोपहर 2 बजे तक मतदान तेज़ी से चलता रहा, जिसके बाद मतदान की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी।
ईवीएम में तकनीकी खराबी, फिर भी नहीं रुका मतदान
मतदान प्रारंभ होते ही केंद्र संख्या 102 और 297 पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी पाई गई। हालांकि, तकनीकी विशेषज्ञों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मशीन को ठीक किया और मतदान पुनः शुरू करा दिया।
इससे मतदान प्रक्रिया में कोई बड़ी बाधा नहीं आई।
महिला मतदाता रही आगे, सुबह दिखी लंबी कतारें
सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक महिला मतदाताओं की लंबी कतारें मतदान केन्द्रों पर देखी गईं। इससे यह साफ झलक रहा था कि महिलाएं पुरुषों से अधिक मतदान को लेकर उत्साहित थीं।
एक पर एफआईआर, कुछ जगह हल्का लाठीचार्ज
मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर सुरक्षा बलों ने हल्का लाठीचार्ज किया ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
मतदान की गोपनीयता भंग करने के आरोप में मतदान केन्द्र संख्या 124 पर आशीष रंजन दास उर्फ बीपी सिंह के खिलाफ बहेड़ा थाना में प्राथमिकी संख्या 430/25 दर्ज की गई है।
प्रशासन की सतर्क निगरानी में संपन्न हुआ मतदान
अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी मनीष कुमार झा और अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी बासुकीनाथ दिनभर विभिन्न मतदान केन्द्रों पर निरीक्षण करते रहे।
उन्होंने सुरक्षा बलों और मतदान कर्मियों का मनोबल बढ़ाया और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया।








