
दरभंगा, देशज टाइम्स। लहेरियासराय थाना क्षेत्र स्थित सिविल कोर्ट के सामने बीच सड़क पर पति-पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामे का लोगों ने जमकर मजा उठाया। कारण, पति ने दूसरी शादी कर ली थी। पति की शादी से नाराज गुस्साई पहली पत्नी फुलिया खातून ने बीच सड़क पर मो.गुलाब की धुनाई शुरू कर दी।
बीच सड़क पर पति-पत्नी का हाइवोल्टेज ड्रामा देखने लोगों की भीड़ जुट गई। मगर, पति की दूसरी शादी से नाराज पत्नी ने सरेआम पति की जमकर धुनाई करते उसपर झूठ बोलकर दूसरी शादी करने की बात कही। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी पति को अपने साथ थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार, हायाघाट थाना क्षेत्र के हायाघाट गांव निवासी फुलिया खातून की शादी बहेड़ी थाना क्षेत्र के छोटी दाईंग निवासी मो. गुलाब से हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। शादी के बाद से ही पति गुलाब फुलिया खातून के साथ मारपीट करता था। फुलिया खातून ने इस बात की शिकायत महिला थाने की पुलिस से की थी। शिकायत मिलने के बाद महिला थाने में दोनों के बीच समझौता करवाया गया था।
समझौते के बाद मो. गुलाब बिना कुछ बताए अचानक घर से गायब हो गया और बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के उसने दूसरी शादी रचा ली। जब इस बात की जानकारी फुलिया खातून और उसके परिजनों को मिली तो वे दंग रह गए और उसकी तलाश में जुट गए। इसी बीच गुरुवार को कोर्ट परिसर के सामने गुलाब को दूसरी पत्नी के साथ पकड़ा गया। जिसके बाद बीच सड़क पर जमकर हंगामा हुआ।
पति की शादी से नाराज गुस्साई पहली पत्नी फुलिया खातून ने बीच सड़क पर मो.गुलाब की धूनाई शुरू कर दी। जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हंगामे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पति-पत्नी को हिरासत में लेकर थाना ले गई, जहां दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने जल्द ही मामले को सुलझा लेने का दावा किया है।







