मुख्य बातें
343 बोतल में 177 लीटर विदेशी शराब के साथ आठ शराब तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे,
ऑल्टो कार, चार बाइक एवं आठ मोबाइल भी बरामद
लाइनर, रिसीवर और डिलीवर शराब तस्करों में हैं शामिल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में झंझारपुर एसडीपीओ आशीष आनंद ने किया खुलासा
फोटो :मीडिया को जानकारी देते एसडीपीओ आशीष आनन्द
मधेपुर, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। शराब के एक बड़े मामले में मधेपुर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है।पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर नवादा कब्रिस्तान के निकट से 343 बोतल में 177 लीटर विदेशी शराब सहित एक ऑल्टो कार, चार बाइक एवं आठ मोबाइल के साथ-साथ आठ शराब तस्करों को भी दबोच लिया।
मधेपुर थाना पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में झंझारपुर डीएसपी आशीष आनंद ने यह जानकारी दी। डीएसपी श्री आनन्द ने बताया कि धराए अंतर जिला शराब तस्कर सिंडिकेट में मधुबनी, सुपौल एवं दरभंगा जिले के निवासी शामिल हैं।मधेपुर थानाध्यक्ष हरि किशोर यादव तथा एएसआई मो. फहीम खां एवं शंभु कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस कर्मियों और सशस्त्र बलों ने यह कार्रवाई की।
धराये शराब धंधेबाजों में मधेपुर थाना क्षेत्र के मधेपुर पश्चिमी निवासी 24 वर्षीय विवेक कुमार साह, भीमपुर गांव निवासी 18 वर्षीय मो. जसीम, नवादा गांव निवासी 30 वर्षीय कौशल यादव, लक्ष्मीपुर नवादा निवासी 34 वर्षीय देव शर्मा, भेजा थाना क्षेत्र के टेंगराहा गांव निवासी 21 वर्षीय राजीव कुमार यादव, दरभंगा जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरी गांव निवासी 22 वर्षीय रमण कुमार एवं 21 वर्षीय मनीष कुमार यादव तथा सुपौल जिले के मरौना थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगासियौल गांव निवासी 29 वर्षीय कुंवर कांत शामिल हैं।
डीएसपी आशीष आनंद ने जानकारी दी कि गुप्त सूचना मिली थी कि सुपौल जिले के मरौना के रास्ते मधेपुर थाना क्षेत्र स्थित नवादा कब्रिस्तान के निकट शराब तस्करों द्वारा विदेशी शराब की अनलोडिंग कर अलग-अलग जगहों पर खपाने के लिए एकत्रित हुए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मधेपुर थानाध्यक्ष हरि किशोर यादव एवं एएसआई फहीम खां के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की। मौके से दो शराब तस्कर मधेपुर पश्चिमी निवासी विवेक कुमार साह तथा भेजा थाना क्षेत्र के टेंगराहा निवासी राजीव कुमार यादव को शराब, कार व चार बाइक के साथ दबोच लिया गया। जबकि कुछ शराब कारोबारी भागने में सफल रहा।
पुलिस की ओर से धराये दोनों तस्करों से गहन पूछताछ करने पर इनकी निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से 6 और शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। डीएसपी ने बताया कि धराये आठों शराब तस्करों से पूछताछ व मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष हरि किशोर यादव, एएसआई फहीम खां एएसआई शंभु कुमार सहित अन्य पुलिस बल मौजूद थे। साथ ही पुलिस ने इसी क्रम में नवादा कब्रिस्तान के निकट से ही बाइक पर लदा एक बोरी में रखे पॉलीथिन में 70 लीटर देसी चुलाई शराब भी बरामद किया। हालांकि, शराब तस्कर पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गया।

















