
Madhubani: बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई ने एक बड़े नशे के कारोबार का पर्दाफाश किया है। देवधा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक वाहन से 1.227 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है, साथ ही दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ जारी अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
देवधा थाना पुलिस को 26 अप्रैल को वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार दिन की गश्त (दिवा गस्ति) के लिए तैनात किया गया था। इस अभियान में 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्वान दस्ते को भी शामिल किया गया था। मिश्रीलाल चौक पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी।
संयुक्त अभियान और गिरफ्तारी
चेकिंग के दौरान पीठवाटोल गांव की दिशा से एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक गाड़ी भगाने की कोशिश करने लगा। साथ ही मौजूद सुरक्षा बलों की मदद से गाड़ी का पीछा किया गया और उसे उसराही गांव स्थित मिश्रीलाल चौक पर ही घेर लिया गया। वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की गई, जिसमें चालक ने अपना नाम मो. कमरुल बताया। पिछली सीट पर बैठे शख्स ने अपना नाम सद्दाम हुसैन, पिता- मो. अलाउद्दीन बताया। गाड़ी भगाने का कारण पूछने पर दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। इसी शक के आधार पर वाहन की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें ब्राउन शुगर जैसी नशीली खेप मिलने की पुष्टि हुई।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
तलाशी के दौरान गाड़ी के केबिन के अंदर से प्लास्टिक में पैक किए गए 21 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर यह पदार्थ ब्राउन शुगर जैसा प्रतीत हुआ। इन सभी 21 पैकेटों का प्लास्टिक सहित वजन किया गया, जो कुल 1.227 किलोग्राम पाया गया। बरामद सभी जब्त सामग्री और अन्य मादक पदार्थ की विस्तृत जप्ती सूची (Seizure Memo) तैयार कर दोनों अभियुक्तों, मो. कमरुल और सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर देवधा थाना ले आई। इस संबंध में देवधा थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला (कांड) दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।







