Bihar MLC Elections: बिहार में विधान परिषद की 10 सीटों पर चुनाव का बिगुल बजने वाला है। इसी गहमागहमी के बीच भाजपा और रालोमो के बड़े नेताओं की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। सूत्रों की मानें तो इस मुलाकात में सिर्फ शिष्टाचार नहीं, बल्कि ‘सत्ता के गलियारे’ में कई ‘डील’ पर भी बात हुई है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद उपेन्द्र कुशवाहा से उनके पटना स्थित आवास पर जाकर मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह सांसद शिवेश कुमार भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं के बीच समसामयिक विषयों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। यह मुलाकात आगामी बिहार MLC चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राज्य में विधान परिषद की 10 सीटों पर हलचल तेज है। इनमें से 9 सीटों पर विधान पार्षदों का कार्यकाल अगले माह 28 जून को समाप्त हो रहा है, जबकि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से खाली हुई एक सीट पर उपचुनाव होना है। ऐसे में चुनाव आयोग जल्द ही विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मई के अंतिम सप्ताह या जून की शुरुआत में विधान परिषद चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है।आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
विधान परिषद चुनाव: मुलाकातों का दौर और नए चेहरों की चर्चा
इस मुलाकात के दौरान रालोमो सुप्रीमो के सुपुत्र और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को भाजपा कोटे से विधान परिषद भेजे जाने पर भी चर्चा हुई। दीपक प्रकाश वर्तमान में किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को भी विधान परिषद भेजे जाने की बात सामने आ रही है। इन दो बड़े नामों के अलावा, लोजपा (आरवी) के सीमांत मृणाल के भी एमएलसी बनने की संभावना जताई जा रही है।
आगामी बिहार MLC चुनाव: NDA का सीट बंटवारा और संभावित उम्मीदवार
आंकड़ों के अनुसार, विधान परिषद की कुल 10 सीटों में से एनडीए की 9 सीटों पर जीत पक्की मानी जा रही है। एनडीए के पास 201 विधायक हैं और एक विधान पार्षद के लिए करीब 25-26 विधायकों के मतों की आवश्यकता होती है। सूत्रों का दावा है कि एनडीए में विधान परिषद चुनाव की सीटों का बंटवारा भी लगभग तय हो गया है। इसमें भाजपा तीन, जदयू तीन, लोजपा (आरवी) एक और रालोमो एक सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। रालोमो की सीट पर दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजा जाना तय माना जा रहा है।आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश
इन एमएलसी चुनावों के जरिए भाजपा और जदयू अपने दल के भीतर के समीकरणों को साधने की कोशिश करेंगे। पिछले माह राज्यसभा की पांच सीटों के लिए हुए चुनाव में एनडीए ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में कई ऐसे दावेदार थे, जिन्हें मौका नहीं मिल पाया था। अब विधान परिषद के माध्यम से उन्हें ‘सेट’ किया जा सकता है। हालांकि, किस दल से कौन होगा उम्मीदवार, इस पर अभी तक किसी ने भी खुलकर पत्ता नहीं खोला है। लेकिन, जदयू की ओर से निशांत कुमार और रालोमो की ओर से दीपक प्रकाश के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं।देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें







