Nora Fatehi Defamation Case: बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही अब कानूनी मुश्किलों में घिर गई हैं। एक चार्टर्ड प्लेन कंपनी ‘दून एविएशन’ ने गांधीनगर कोर्ट में उनके खिलाफ 3 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि नोरा ने सोशल मीडिया पर उनके विमान को ‘टॉय प्लेन’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ बताकर उनकी छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाया है।
यह पूरा मामला पिछले साल दिसंबर में मुंबई से जयपुर की उड़ान के दौरान शुरू हुआ था। नोरा फतेही ने उस वक्त सेसना साइटेशन CJ2 विमान के अंदर कई वीडियो बनाए थे। इन वीडियो में उन्होंने बार-बार प्लेन को छोटा, ‘खिलौना’ और ‘लेगो वाला विमान’ बताया। बता दें कि ‘लेगो प्लेन’ एक फेमस कार्टून सीरीज़ का हिस्सा है, और कंपनी का कहना है कि नोरा के इन बयानों ने उनके व्यवसाय पर नकारात्मक असर डाला है।
अभिनेत्री के ‘टॉय प्लेन’ कहने से कंपनी को भारी नुकसान
दून एविएशन का दावा है कि नोरा फतेही ने ये वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए, जहाँ उनके 4.6 करोड़ से भी ज़्यादा फॉलोअर्स हैं। कंपनी के अनुसार, इन बयानों के बाद उनकी बुकिंग में अचानक गिरावट आने लगी। कंपनी ने यह भी बताया कि उनकी बुकिंग में 15 से 20 फीसदी की कमी दर्ज की गई है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
दून एविएशन ने अपनी शिकायत में कहा, ‘विमान पूरी तरह डीजीसीए से प्रमाणित है, सुरक्षित है और कानूनी रूप से चल रहा है। नोरा की बातें बिना किसी जांच के कही गईं।’
कंपनी ने स्पष्ट किया कि उनका विमान नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से पूरी तरह प्रमाणित है और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करता है। नोरा द्वारा बिना किसी पुष्टि के दिए गए इन बयानों को कंपनी ने गैर-जिम्मेदाराना बताया है।
वीडियो हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग
यह मानहानि का केस अप्रैल महीने में दायर किया गया था। इस मामले में कोर्ट में अगली सुनवाई 25 सितंबर को होनी है। दून एविएशन ने कोर्ट से मांग की है कि नोरा फतेही से हुए नुकसान की भरपाई करवाई जाए। इसके साथ ही, कंपनी ने अभिनेत्री से उन आपत्तिजनक वीडियो को हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी अपील की है। इस कानूनी लड़ाई का परिणाम क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।







