Samastipur Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक बार फिर आपराधिक वारदातों ने लोगों को डरा दिया है। दलसिंहसराय अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार रात एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान राजेश कुमार पोद्दार के रूप में हुई है, जो अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।

स्वर्ण व्यवसायी का शव पोस्टमॉर्टम से आने पर आक्रोशित लोगों ने दलसिंहसराय के सरदारगंज चौराहे पर शव को रखकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया।
बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पगड़ा गांव में काली स्थान के समीप घात लगाकर उन्हें निशाना बनाया। अपराधियों ने पीछे से गोली दाग दी, जिससे राजेश कुमार पोद्दार की मौके पर ही मौत हो गई। यह वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
हैरान करने वाली बात यह है कि घटनास्थल पर उनकी बाइक और सोना-चांदी से भरा बैग सुरक्षित मिला है। ऐसे में हत्या की वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
दुकान से घर लौटते समय हुआ हमला
राजेश कुमार पोद्दार दलसिंहसराय के एक जाने-माने स्वर्ण व्यवसायी थे। सोमवार रात वे अपनी दुकान बंद करके हमेशा की तरह घर लौट रहे थे। इसी दौरान, अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक पर सवार अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, “घटनास्थल से दो खोखे और एक गोली बरामद की गई है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
इलाके में फैली दहशत, पुलिस जांच में जुटी
इस खूनी वारदात के बाद दलसिंहसराय क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजकुमार पोद्दार की बाइक घटनास्थल पर सुरक्षित मिली। इतना ही नहीं, उनके पास मौजूद सोना-चांदी से भरा बैग भी वहीं पड़ा था। सामान सुरक्षित मिलने के कारण पहली नजर में लूटपाट की आशंका कम दिखाई दे रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।
पुलिस ने मौके से अहम सबूत भी जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा और पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।








You must be logged in to post a comment.