Samastipur Chhath: बिहार के समस्तीपुर जिले में छठ महापर्व के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। विभूतिपुर में सोमवार सुबह छठ घाट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने छठ व्रती महिलाओं और वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर खुलेआम पिस्टल तान दी। यह युवक नाव से अपने दो साथियों के साथ घाट पर पहुंचा था। हालांकि, उसकी इस हरकत से डरने के बजाय, मौके पर मौजूद महिलाओं और अन्य लोगों ने साहस दिखाते हुए उस पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। भीड़ का गुस्सा देख पिस्टल लहराने वाला युवक नाव से कूदकर फरार हो गया, जबकि उसके दो साथियों को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


छठ पूजा के दौरान खुलेआम लहराई पिस्टल
यह घटना विभूतिपुर के बेलसंडी टारा तीनमुहानी घाट की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब पांच बजे खानपुर की ओर से तीन लोग एक नाव पर सवार होकर घाट पर पहुंचे। उस समय घाट पर बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं सूर्यदेव को अर्घ्य देने की तैयारी में पूजा-अर्चना कर रही थीं। नाव पर सवार इन लोगों ने उसी स्थान पर नाव लगाने और उतरने की कोशिश की, जहां महिलाएं पूजा कर रही थीं। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा, जिस पर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि मना करने के बावजूद नाव से उतरने की जिद पर अड़े पैंट-कोट पहने एक युवक ने अचानक अपनी पिस्टल निकाली और सीधे छठ व्रतियों की ओर तान दी। इस दृश्य को देखकर शुरुआत में घाट पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
गुस्साई भीड़ ने किया मुकाबला, दो पकड़े गए
पिस्टल लहराने वाले युवक की इस हरकत से डरे बिना, छठ व्रती महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत इसका विरोध करना शुरू कर दिया। उन्होंने बिना किसी देरी के नाव पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। भीड़ के इस अप्रत्याशित आक्रोश को देखकर नाव सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। पिस्टल लहराने वाला मुख्य आरोपी युवक भीड़ का फायदा उठाकर अंधेरे में नाव से कूदकर भाग निकला।
हालांकि, स्थानीय लोगों ने नाव पर मौजूद उसके दो अन्य साथियों को पकड़ लिया। इन दोनों को तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद एक नाबालिग को छोड़ दिया, जबकि दूसरे से पूछताछ जारी है। इस मामले में नाविक ने पुलिस को बताया कि,
उसे पैसे देकर नाव चलाने के लिए कहा गया था और दूसरी ओर ले जाने को कहा गया था।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि पिस्टल लहराने वाला फरार युवक खानपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि फरार मुख्य आरोपी की पहचान और घटना के पीछे की असल वजह का पता चल सके। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की गहनता से जांच में जुट गया है। पुलिस ने फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।








You must be logged in to post a comment.